11-May-2026
...


- राजमोहल्ला में बस से पार्सल गिरने से घायल हुई थी महिला कर्मचारी; लापरवाही पर इंडियन ट्रांसपोर्ट के विरुद्ध प्राथमिकी दर्ज :: इंदौर (ईएमएस)। शहर की स्वच्छता के लिए समर्पित सफाई मित्रों की सुरक्षा और स्वास्थ्य को नगर निगम ने अपनी सर्वोच्च प्राथमिकता बताया है। सोमवार को राजमोहल्ला क्षेत्र में कार्य के दौरान एक निजी बस के पार्सल से घायल हुई महिला सफाई मित्र संजू पति संजय बाली का हाल जानने निगम आयुक्त क्षितिज सिंघल स्वयं वर्मा यूनियन अस्पताल पहुँचे। उन्होंने घायल कर्मचारी के स्वास्थ्य की जानकारी ली और चिकित्सकों को निर्देशित किया कि उपचार में किसी भी प्रकार की कमी न रहे। आयुक्त ने अस्पताल में मौजूद निगम अधिकारियों और घायल के परिजनों को ढांढस बंधाते हुए कहा कि निगम परिवार अपने हर सदस्य के साथ खड़ा है। उन्होंने स्पष्ट किया कि सफाई कार्य के दौरान सुरक्षा मानकों की अनदेखी या किसी अन्य की लापरवाही के कारण होने वाली दुर्घटनाओं को गंभीरता से लिया जाएगा। घटना के लिए जिम्मेदार व्यक्तियों के विरुद्ध दंडात्मक कार्रवाई के निर्देश भी मौके पर दिए गए। :: लापरवाही से हुआ हादसा :: प्राप्त जानकारी के अनुसार, सोमवार सुबह राजमोहल्ला चौराहा स्थित सिटी ब्लास्ट ऑफिस के पास जब सफाई मित्र संजू अपना कार्य कर रही थीं, तभी वहां खड़ी इंडियन ट्रांसपोर्ट की बस (क्रमांक एमपी 09 एएम 0616) की छत से कर्मचारी पार्सल नीचे फेंक रहे थे। इसी दौरान एक भारी पार्सल अनियंत्रित होकर महिला सफाई मित्र के ऊपर गिर गया, जिससे वे गंभीर रूप से घायल हो गईं। स्थानीय लोगों और निगम अमले ने उन्हें तत्काल अस्पताल पहुँचाया। :: ट्रांसपोर्ट कंपनी पर कानूनी गाज :: निगम प्रशासन ने इस घटना को इंडियन ट्रांसपोर्ट के कर्मचारियों की घोर लापरवाही माना है। आयुक्त क्षितिज सिंघल के कड़े रुख के बाद निगम द्वारा संबंधितों के विरुद्ध तत्काल वैधानिक कार्यवाही सुनिश्चित की गई। थाना मल्हारगंज में इंडियन ट्रांसपोर्ट के विरुद्ध एफआईआर (प्राथमिकी) दर्ज कराई गई है। आयुक्त ने कहा कि सार्वजनिक स्थलों पर कार्य के दौरान आम नागरिकों और सफाई मित्रों की सुरक्षा से खिलवाड़ करने वालों को बख्शा नहीं जाएगा। प्रकाश/11 मई 2026