11-May-2026
...


- किरनापुर के प्रभारी बीएमओ डॉ. वर्ष चौबे ने प्रदेश में हासिल की 8वीं रैंक बालाघाट (ईएमएस). जिले के स्वास्थ्य विभाग के लिए गौरव की बात है कि जिले की विभिन्न स्वास्थ्य संस्थाओं में राष्ट्रीय स्वास्थ्य मिशन के अंतर्गत संविदा आधार पर सेवाएं दे रहे 7 चिकित्सा अधिकारियों का चयन मध्यप्रदेश लोक सेवा आयोग के माध्यम से नियमित चिकित्सा अधिकारी (एमबीबीएस) पद के लिए हुआ है। हाल ही में जारी मध्यप्रदेश लोक सेवा आयोग के परिणामों में जिले के इन चिकित्सकों ने उत्कृष्ट प्रदर्शन करते हुए नियमित चिकित्सा सेवा में स्थान प्राप्त किया है। इनमें किरनापुर के प्रभारी बीएमओ डॉ. वर्ष चौबे ने पूरे प्रदेश में 8वीं रैंक हासिल कर जिले का नाम गौरवान्वित किया है। वहीं लालबर्रा की प्रभारी बीएमओ डॉ. रितु धुर्वे का भी चयन नियमित चिकित्सा सेवा के लिए हुआ है। नियमित सेवा के लिए चयनित चिकित्सकों में डॉ. वर्ष चौबे, डॉ. रोशनी नागदेवे, डॉ. अंकित खरोले, डॉ. प्रिया मोरोपे, डॉ. करिश्मा सिल्हारे, डॉ. परितोष शुक्ला एवं डॉ. रितु धुर्वे शामिल हैं। इनमें से कई चिकित्सक मुख्यमंत्री संजीवनी क्लिनिक, शहरी प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्र एवं सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्रों में संविदा अथवा बांड के आधार पर अपनी सेवाएं दे रहे हैं या पूर्व में दे चुके हैं। ग्रामीण एवं दूरस्थ क्षेत्रों में स्वास्थ्य सेवाओं को बेहतर बनाने में इन चिकित्सकों की महत्वपूर्ण भूमिका रही है। स्वास्थ्य विभाग के अधिकारियों एवं कर्मचारियों ने चयनित सभी चिकित्सकों को शुभकामनाएं देते हुए इसे जिले के लिए उपलब्धि बताया है। मध्यप्रदेश स्वास्थ्य संचालनालय भोपाल द्वारा चयनित चिकित्सकों की पदस्थापना के लिए पृथक आदेश जारी किए जाएंगे, जिसके बाद उन्हें प्रदेश की विभिन्न स्वास्थ्य संस्थाओं में नियमित चिकित्सा अधिकारी के रूप में सेवाएं प्रदान करने का अवसर मिलेगा। भानेश साकुरे / 11 मई 2026