क्षेत्रीय
11-May-2026
...


- अतिक्रमण अमले की कार्रवाई से नागरिकों को मिली राहत, सुगम हुआ आवागमन कटनी (ईएमएस)। आम नागरिकों को सुरक्षित, सुगम एवं बाधारहित आवागमन की सुविधा उपलब्ध कराने के उद्देश्य से नगर निगम प्रशासन द्वारा सोमवार को स्टेशन रोड मुख्य मार्ग, बरगवां मार्ग सहित शहर के विभिन्न मुख्य मार्गों एवं बाजार क्षेत्रों में वृहद अतिक्रमण हटाओ अभियान चलाया गया। अतिक्रमण प्रभारी मानेंद्र सिंह ने बताया कि अतिक्रमण के कारण सिकुड़ चुकी सड़कें न केवल यातायात जाम का कारण बनती हैं, बल्कि आपात स्थिति में एंबुलेंस एवं फायर ब्रिगेड के आवागमन में भी बाधा उत्पन्न करती हैं। इसी जनहित को दृष्टिगत रखते हुए निगम के अतिक्रमण दस्ते द्वारा अभियान चलाकर सार्वजनिक मार्गों, फुटपाथ एवं नालियों पर किए गए अस्थायी एवं स्थायी अतिक्रमण को हटाने की कार्रवाई की गई। कार्रवाई के दौरान मार्ग बाधित कर रखी गई लगभग दो कैम्पर दुकान सामग्री, ठेले, एवं बोर्ड-होर्डिंग को जब्त कर निगम कार्यालय लाया गया। संबंधित दुकानदारों एवं अतिक्रमण कर्ताओं को भविष्य में सार्वजनिक स्थल पर अतिक्रमण न करने की सख्त हिदायत दी गई। अतिक्रमण प्रभारी ने कहा कि यह अभियान किसी को परेशान करने के लिए नहीं, बल्कि सभी के लिए समान अधिकार सुनिश्चित करने के लिए है। सुगम यातायात से न केवल समय एवं ईंधन की बचत होगी, बल्कि सड़क दुर्घटनाओं में भी कमी आएगी। नागरिकों की सुविधा एवं सुगम आवागमन के मद्देनजर अतिक्रमण के विरुद्ध नियमित मॉनिटरिंग की जाएगी। पुनः अतिक्रमण करने वालों के विरुद्ध नियमानुसार अर्थदंड एवं नियमानुसार अन्य वैधानिक कार्रवाई की जाएगी। निगम प्रशासन द्वारा नागरिकों से अपील की गई है कि वे स्वेच्छा से सार्वजनिक मार्गों से अतिक्रमण हटाकर नगर के सुव्यवस्थित विकास में सहयोग प्रदान करें। ईएमएस / 11/05/2026