क्षेत्रीय
11-May-2026
...


खरगोन (ईएमएस) । निमाड़ अंचल में पड़ रही झुलसाने वाली गर्मी में कोई भी पंछी भूखा- प्यासा न रहे। इस सोच को लेकर सामाजिक कार्यकर्ताओं ने अमृत कंठ अभियान शुरु किया है। अभियान के तहत शहरभर में करीब 300 से अधिक सकोरे सार्वजनिक स्थलों पर लगाए गए है, जहां पंछियों को दाना-पानी आसानी से मिल सके। अभियान से जुड़े राकेश वर्मा ने बताया भीषण गर्मी अपने चरम पर है। आसमान से बरसती आग, तपती सड़कों और झुलसाती हवाओं के बीच जहां मनुष्य अपने लिए शीतल जल, पंखे और छांव की व्यवस्था कर लेता है, वहीं आकाश में उडऩे वाले मूक पक्षी जल की एक बूंद के लिए व्याकुल होकर भटकते दिखाई देते हैं। उनकी मौन पीड़ा और तड़प को महसूस करते हुए अमृत कंठ अभियान टीम ने न्यायालय परिसर, पुराने कलेक्टर कार्यालय स्थित हनुमान मंदिर, नीलकंठ महादेव मंदिर, कलेक्ट्रेट पार्क सहित विभिन्न सार्वजनिक स्थलों पर सकोरे लगाए है। इनमें नियमित दाना-पानी भी पहुंचा रहे है। आमजन से भी आह्वान किया है कि यदि समाज का प्रत्येक व्यक्ति केवल एक पात्र जल का रख दें, तो इस भीषण गर्मी में हजारों पक्षियों की प्यास बुझाई जा सकती है। ईएमएस / 11/05/2026