क्षेत्रीय
11-May-2026
...


खरगोन (ईएमएस) । राष्ट्रीय राजमार्ग 347बी (देशगाँव.खरगोन.जुलवानिया) निर्माण के लिए अधिग्रहित की जा रही भूमि पर किसानों को चार गुना मुआवजा दिए जाने की मांग उठी है। राष्ट्रीय किसान मजदूर महासंघ ने सोमवार को कृषि उपज मंडी में बैठक आयोजित की। बैठक के बाद सर्किट हाउस में प्रदेश के सहकारिता एवं जिले के प्रभारी मंत्री विश्वास सारंग से मिलने पहुंचे। यहां मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव के नाम ज्ञापन सौंपकर इस संबंध में तत्काल कार्रवाई की अपील की है। ज्ञापन में मांग की है कि जिले से गुजर रहे हाईवे निर्माण में भूमि अधिग्रहित कर दो गुना मुआवजा देने का अवार्ड पूर्व से पारित हो चुका है, इस अवार्ड को निरस्त कर नई घोषणा अनुसार 4 गुना मुआवजा दिया जाए। महासंघ के गोपाल पाटीदार, रामेश्वर गुर्जर, कमलेश पाटीदार, निकुंज पाटीदार, सुखदेव पाटीदार, राधेश्याम पाटीदार ने आदि बताया कि किसानों ने जिला स्तर की समस्याओं, शिकायतों का ज्ञापन कलेक्टर को सौंपा। सनावद तहसील के बडूद गेहूं उपार्जन केंद्र पर 700 से 800 ग्राम अतिरिक्त लिए जाने पर संबंधित अधिकारी पर एफआईआर की मांग की। कृषि साख सहकारी समिति के डिफाल्टर कृषकों को नियमित करने, बीज, खाद, दवाई कंपनियों के लायसेंसी दुकानदारों की सूची उपलब्ध कराने की मांग की। संगठन ने आरोप लगाया कि खरगोन-बड़वानी को-ऑपरेटिव्ह बैंक में अयोग्य व्यक्तियों को नौकरी दी गई है, जिसकी उच्च स्तरीय जांच कराई जाए। ईएमएस / 11/05/2026