क्षेत्रीय
11-May-2026
...


- प्रवीण साहू दूसरी बार बने अध्यक्ष, 94 प्रतिशत मतदान ने बढ़ाया लोकतंत्र का मान* राजनांदगांव (ईएमएस)। साहू मोहल्ला लखोली समिति के चुनाव में इस बार पुरुषों और महिलाओं ने बढ़-चढ़कर हिस्सा लेकर लोकतांत्रिक परंपरा को मजबूती प्रदान की। पूरे वार्ड में मतदान को लेकर उत्साह, उमंग और हर्षोल्लास का माहौल देखने को मिला। चुनाव प्रक्रिया शांतिपूर्ण, निष्पक्ष और सुव्यवस्थित ढंग से संपन्न हुई। समिति का चुनाव रविवार 10 मई को सुबह 9:00 बजे से दोपहर 3:00 बजे तक आयोजित किया गया। मतदान समाप्त होने के बाद शाम 3:30 बजे से मतगणना प्रारंभ हुई जिसमें देर शाम परिणाम घोषित किए गए। अध्यक्ष पद के लिए हुए मुकाबले में प्रवीण साहू ने लगातार दूसरी बार जीत हासिल करते हुए अपना नेतृत्व कायम रखा। उन्हें कुल 157 वोट प्राप्त हुए और उन्होंने अपने निकटतम प्रतिद्वंद्वी को 50 वोटों से पराजित किया। वहीं लखन साहू को 107 वोट, हीरा साहू को 53 वोट तथा संतोष साहू को 50 वोट मिले जिससे तीनों प्रत्याशियों को हार का सामना करना पड़ा। उपाध्यक्ष पद के लिए हुए चुनाव में दो प्रत्याशी मैदान में थे। इसमें तरुण साहू ने शानदार प्रदर्शन करते हुए 211 वोट हासिल किए और 55 वोटों के अंतर से जीत दर्ज की। उनके प्रतिद्वंद्वी उमेश साहू को 156 वोट मिले। सचिव पद के लिए भी कांटे की टक्कर देखने को मिली। नंदकुमार साहू ने 212 वोट प्राप्त कर 46 वोटों से विजय हासिल की। वहीं दूसरे प्रत्याशी खेमचंद साहू को 166 वोट मिले और उन्हें हार का सामना करना पड़ा। कोषाध्यक्ष पद के चुनाव में शत्रुघ्न साहू गुरुजी ने 200 वोट प्राप्त कर जीत दर्ज की। उन्होंने अपने प्रतिद्वंद्वी कृष्णा साहू को 24 वोटों से हराया। कृष्णा साहू को कुल 176 वोट प्राप्त हुए। वहीं सहसचिव पद के लिए थानेश्वर साहू एकमात्र दावेदार रहे जिसके चलते उन्हें निर्विरोध निर्वाचित घोषित किया गया। समिति चुनाव में कुल 416 मतदाता थे जिनमें से 390 मतदाताओं ने अपने मताधिकार का प्रयोग किया। इस प्रकार कुल 94 प्रतिशत मतदान दर्ज किया गया जो क्षेत्र में लोकतांत्रिक जागरूकता और लोगों की सक्रिय भागीदारी को दर्शाता है। चुनाव परिणाम घोषित होने के बाद विजयी प्रत्याशियों और उनके समर्थकों में खुशी की लहर दौड़ गई। समर्थकों ने एक-दूसरे को मिठाई खिलाकर जीत का जश्न मनाया और नव निर्वाचित पदाधिकारियों को बधाई दी। ईएमएस/मोहने/ 11 मई 2026