- नशे में गाड़ी दौड़ाने वाले 178 चालक नपे - ड्रोन से हॉटस्पॉट की निगरानी और होटलों में दबिश; 162 वारंटी दबोचे, गुंडे-चाकूबाजों को दी कड़ी हिदायत :: इंदौर (ईएमएस)। इंदौर को अपराध मुक्त बनाने और अपराधियों में खौफ पैदा करने के लिए पुलिस कमिश्नरेट ने शनिवार और रविवार की दरमियानी रात ऑपरेशन क्लीन के तहत शहरभर में सघन चेकिंग अभियान चलाया। पुलिस आयुक्त संतोष कुमार सिंह के निर्देशन में चारों जोन के वरिष्ठ अधिकारियों और भारी पुलिस बल ने शाम से लेकर तड़के तक सड़कों पर उतरकर गुंडे-बदमाशों और असामाजिक तत्वों की धरपकड़ की। इस विशेष सरप्राइज चेकिंग के दौरान करीब 749 बदमाशों को चेक किया गया, जिनमें से 465 के विरुद्ध कड़ी वैधानिक कार्यवाही की गई। अभियान के दौरान पुलिस का सबसे सख्त रुख शराब पीकर वाहन चलाने वालों पर रहा। पुलिस ने शहर के विभिन्न चौराहों पर ब्रीथ एनालाइजर के साथ चेकिंग की और 178 ऐसे लापरवाह वाहन चालकों को पकड़ा जो नशे में धुत होकर दूसरों की जान जोखिम में डाल रहे थे। इनके विरुद्ध मोटर व्हीकल एक्ट की धारा 185 के तहत 185 कार्यवाहियां की गईं। अधिकारियों का कहना है कि यह अभियान निरंतर जारी रहेगा ताकि नशेड़ियों की सड़कों पर मनमानी रोकी जा सके। :: ड्रोन से रखी गई नजर, गलियों में हुई घेराबंदी :: इस बार पुलिस ने अपराधियों को पकड़ने के लिए तकनीक का भी सहारा लिया। शहर के 160 हॉटस्पॉट, 79 मल्टियों और 136 शैडो एरिया (अंधेरे वाले क्षेत्र) में न केवल पैदल गश्त की गई, बल्कि ड्रोन के जरिए भी छतों और संदिग्ध ठिकानों की निगरानी की गई। इस दौरान 149 सूचीबद्ध गुंडे, 67 चाकूबाज और 34 जिलाबदर बदमाशों को चेक कर उनके ठिकानों की तलाशी ली गई। महिला संबंधी अपराधों और आगजनी में संलिप्त संदिग्धों को थाने लाकर हिदायत दी गई कि यदि भविष्य में उनकी संलिप्तता मिली, तो कड़ी जेल यात्रा तय है। :: वारंटियों की शामत, होटल-लॉज में तलाशी :: देर रात चली इस कवायद में पुलिस ने वर्षों से फरार चल रहे अपराधियों पर भी शिकंजा कसा। कुल 162 वारंट तामील कराए गए, जिनमें 30 स्थाई वारंटी और 55 गिरफ्तारी वारंटी शामिल हैं। पुलिस की टीमों ने शहर के होटलों, लॉज और रैन बसेरों में भी आकस्मिक चेकिंग की ताकि बाहर से आकर शहर में छिपने वाले अपराधियों को पकड़ा जा सके। :: नशेड़ियों और आदतन बदमाशों पर शिकंजा :: सार्वजनिक स्थानों पर मादक पदार्थों का सेवन करने वाले 4 आरोपियों को भी पुलिस ने दबोचा। आदतन बदमाशों के विरुद्ध बीएनएसएस की विभिन्न धाराओं के तहत प्रतिबंधात्मक कार्यवाही की गई। पुलिस के इस कड़े रुख से रातभर अपराधियों में हड़कंप मचा रहा। एडिशनल कमिश्नर मयंक अवस्थी और आर.के. सिंह के मार्गदर्शन में हुई इस कार्यवाही ने साफ कर दिया है कि इंदौर की सड़कों पर अब अराजकता फैलाने वालों की खैर नहीं है। पुलिस की यह नाइट पेट्रोलिंग आने वाले दिनों में और सख्त होगी। प्रकाश/11 मई 2026