- सी-21 और मल्हार मॉल में विजय टीम ने जांची सुरक्षा - सिक्योरिटी टीम को दिया संदिग्धों को पहचानने का प्रशिक्षण; आपात स्थिति के लिए चस्पा किए हेल्पलाइन नंबर :: इंदौर (ईएमएस)। शहर के व्यस्ततम व्यापारिक केंद्रों और मॉल में आमजन की सुरक्षा सुनिश्चित करने के लिए इंदौर पुलिस ने अब कमर कस ली है। पुलिस आयुक्त संतोष कुमार सिंह के निर्देशों के बाद विजयनगर क्षेत्र के प्रमुख मॉल, सी-21 और मल्हार में सुरक्षा व्यवस्था को पुख्ता करने के लिए एक विस्तृत सिक्योरिटी ऑडिट किया गया। अतिरिक्त पुलिस आयुक्त (कानून व्यवस्था) मयंक अवस्थी और पुलिस उपायुक्त जोन-2 अमन सिंह राठौड़ के मार्गदर्शन में विजय पुलिस टीम ने मॉल परिसर का बारीकी से निरीक्षण किया और सुरक्षा खामियों को दूर करने के लिए आवश्यक दिशा-निर्देश दिए। एसीपी और थाना प्रभारी विजयनगर के नेतृत्व में पुलिस टीम ने मॉल की निजी सुरक्षा टीम के साथ एक महत्वपूर्ण बैठक आयोजित की। इस दौरान सुरक्षाकर्मियों को प्रशिक्षित किया गया कि वे पुलिस के साथ समन्वय स्थापित कर किस प्रकार कंधे से कंधा मिलाकर कार्य करें। पुलिस का मानना है कि मॉल जैसे भीड़भाड़ वाले स्थानों पर निजी सुरक्षाकर्मियों की पहली नजर ही अपराध को रोकने में सबसे बड़ी भूमिका निभाती है। :: सिखाए संदिग्धों को पहचानने के गुर :: विशेष प्रशिक्षण सत्र के दौरान पुलिस टीम ने सुरक्षाकर्मियों को संदिग्ध व्यक्तियों की बॉडी लैंग्वेज पहचानने, लावारिस वस्तुओं और संदिग्ध वाहनों की पहचान करने के तकनीकी तरीके सिखाए। उन्हें बताया गया कि यदि कोई अप्रिय स्थिति या संदिग्ध गतिविधि नजर आती है, तो बिना समय गंवाए तत्काल क्या कदम उठाए जाने चाहिए और पुलिस को सूचना देने की मानक प्रक्रिया क्या है। :: परिसर में चस्पा किए जागरूकता पर्चे :: सुरक्षा व्यवस्था को और अधिक पारदर्शी बनाने के लिए मॉल परिसर में प्रमुख स्थानों पर पुलिस के इमरजेंसी हेल्पलाइन नंबर प्रदर्शित करवाए गए हैं। साथ ही जागरूकता संबंधी पर्चे भी चस्पा किए गए, ताकि आम नागरिक भी सतर्क रहें और किसी भी आपात स्थिति में सीधे पुलिस से संपर्क कर सकें। अतिरिक्त पुलिस उपायुक्त अमरेन्द्र सिंह के अनुसार, इस पहल का मुख्य उद्देश्य मॉल आने वाले परिवारों और युवाओं को एक सुरक्षित वातावरण प्रदान करना है। पुलिस का यह सुरक्षा ऑडिट अभियान शहर के अन्य भीड़भाड़ वाले इलाकों और सिनेमाघरों में भी निरंतर जारी रहेगा। इस सक्रियता से न केवल अपराधों पर नियंत्रण लगेगा, बल्कि जनता में सुरक्षा का भाव भी सुदृढ़ होगा। प्रकाश/11 मई 2026