क्षेत्रीय
11-May-2026
...


इन्दौर (ईएमएस) विगत दिनों इन्दौर के सुपर कारिडोर ग्रेटर बाबा स्थित दिगंबर जैन समाज के आस्था और श्रद्धा के प्रमुख जिन मंदिर नवग्रह जिनालय में हुई चोरी के आरोपी पुलिस की गिरफ्त से दूर है । इसे लकर जैन समाज ने पुलिस कमिश्नर संतोष सिंह को ज्ञापन देकर समाज के आक्रोश से अवगत कराया। ज्ञापन में कहा गया कि घटना से जैन समाज एवं संतो में गहरा रोष है। अपराधियों पर डकैती एवं धार्मिक आस्था आहत करने का मुकदमा दर्ज कर अपराधियों को शीघ्र गिरफ्तार किए जाने की मांग करते हुए ज्ञापन में कहा गया अपराधी शीघ्र पकड़े नहीं तो संपूर्ण समाज आंदोलित होगा। इस दौरान कैलाश वेद, नरेंद्र वेद, विनय बाकलीवाल, आनंद गोधा, मनीष अजमेरा, नवीन गोधा, नकुल पाटोदी, अशोक काला, अर्जुन बाकलीवाल, अनुराग वेद, राजेश जैन, निर्मल सेठी, टी के वेद, महावीर झांझरी मुकेश टोंग्या, हर्ष जैन, अक्षय कासलीवाल, वीरेंद्र बडजात्या आदि विशेष रूप से उपस्थित थे। ज्ञापन का वाचन मनीष अजमेरा ने किया। बता दें कि गत 3 मई की रात एरोड्रम रोड सुपर कारीडोर चौराहा स्थित ग्रेटर बाबा परिसर में जैन समाज के भव्य नवग्रह जिनालय में चोरों द्वारा धावा बोल कर 6 चांदी की प्रतिमाएं (अनुमानित प्रति प्रतिमा वजन लगभग 500 ग्राम), 3 अष्ट धातु प्रतिमाएं (अनुमानित प्रति प्रतिमा वजन 5 किलो), 25 नग चांदी के कलश, 2 नग भारी चांदी के कलश, 2 नग चांदी की थाली, 2 नग चांदी की पूजा थाली सेट (जिनका अनुमानित वजन लगभग 4 किलो), 2 चंवर (वजन 200 ग्राम ), चांदी की पांडुक शिला (अनुमानित वजन 3 किलो), दान पेटी से नगदी (लगभग 2 हजार) कुल लगभग 27 लाख से अधिक की बहुमूल्य ओर आस्था की वस्तुओं की चोरी की वारदात को अंजाम दिया गया जिसमें अभी तक पुलिस को कोई सफलता नहीं मिली है। आनंद पुरोहित/ 11 मई 2026