क्षेत्रीय
11-May-2026
...


- जागरूकता रथ को हरी झंडी दिखाकर रवाना किया डीएम आनंद शर्मा मधुबनी, (ईएमएस)। एग्री स्टैक परियोजना के अंतर्गत मधुबनी जिले में फॉर्मर रजिस्ट्री अभियान को पुनः मिशन मोड में संचालित किये जाने को लेकर जिलाधिकारी आनंद शर्मा के द्वारा किसानों में जागरूकता लाने के उद्देश्य से सोमवार को सभी 21 प्रखंडों के लिए समाहरणालय परिसर में एग्री स्टैक जागरूकता रथ को हरी झंडी दिखाकर रवाना किया गया। यह जागरूकता रथ जिले के सभी अनुमंडलों में जाकर लोगो को फार्मर रजिस्ट्रेशन के लिए जागरूक करेगा। सभी अनुमंडल क्षेत्र के लिए एक-एक जागरूकता रथ को रवाना किया गया। विदित हो कि कृषि एवं किसान कल्याण मंत्रालय, भारत सरकार की एग्री स्टैक परियोजना के तहत मधुबनी जिले में फॉर्मर रजिस्ट्री अभियान को पुनः मिशन मोड में संचालित किया जाएगा। 12 मई 2026 से 30 जून तक अधिक से अधिक किसानों का फार्मर आईडी बनाया जाएगा। इस अवसर पर जिलाधिकारी ने मीडिया को संबोधित करते हुए कहा कि सभी पदाधिकारी मिशन मोड में 12 मई से 30 जून तक शत-प्रतिशत किसानों का फार्मर रजिस्ट्रेशन करवाना सुनिश्चित करें। सभी कर्मी एवं पदाधिकारी परिणामोन्मुखी कार्यशैली अपनाते हुए अपने-अपने क्षेत्र में अभियान को प्रभावी ढंग से संचालित करें, ताकि जिले का कोई भी पात्र किसान योजनाओं के लाभ से वंचित न रहे। उन्होंने कहा कि राज्य स्तर से लेकर जिला स्तर तक इस अभियान की लगातार निगरानी की जा रही है तथा किसी भी तकनीकी अथवा प्रक्रियागत समस्या के समाधान के लिए त्वरित व्यवस्था उपलब्ध कराई गई है। अब तक लगभग 1,74,853 किसानों का फार्मर आईडी बन चुका है। कृषि एवं राजस्व विभाग के संयुक्त प्रयास से अभियान को काफी गति मिलेगी। एग्री स्टैक परियोजना के अंतर्गत किसानों का फार्मर आईडी तैयार किया जा रहा है। जिसके आधार पर कृषि विभाग द्वारा संचालित विभिन्न योजनाओं का लाभ किसानों तक पहुंचाया जाएगा। अब तक कृषि विभाग एवं राजस्व एवं भूमि सुधार विभाग के संयुक्त प्रयास से जिले के 1,74,853 किसानों का फार्मर आईडी तैयार किया जा चुका है। फार्मर आईडी निर्माण की प्रक्रिया में सर्वप्रथम कृषि विभाग के कृषि सलाहकार, कृषि समन्वयक, सहायक तकनीकी प्रबंधक एवं प्रखंड तकनीकी प्रबंधक के माध्यम से किसानों का ई-केवाईसी किया जाता है। इसके पश्चात राजस्व एवं भूमि सुधार विभाग के अधिकृत कर्मियों द्वारा किसानों के नाम से जमाबंदी प्रविष्टि की जाती है। जिसके बाद किसानों को फार्मर आईडी उपलब्ध हो जाती है। किसान स्वयं भी करा सकते हैं। फार्मर रजिस्ट्री, सीएससी एवं ऑनलाइन माध्यम से भी उपलब्ध है। जिला पदाधिकारी ने बताया कि सरकार द्वारा सॉफ्टवेयर में बदलाव करते हुए किसानों को स्वयं फार्मर रजिस्ट्री करने की सुविधा भी प्रदान की गई है। किसान कॉमन सर्विस सेंटर के माध्यम से भी अपना फार्मर रजिस्ट्री करा सकते हैं। उन्होंने कहा कि जो किसान प्रधानमंत्री किसान सम्मान निधि योजना से लाभान्वित हैं तथा जिनके नाम से जमाबंदी उपलब्ध है, वे शिविर में पहुंचकर आसानी से अपना फार्मर आईडी प्राप्त कर सकते हैं। वहीं जिन किसानों के नाम से जमाबंदी उपलब्ध नहीं है। वे आवश्यक परिमार्जन कराकर फार्मर रजिस्ट्री की प्रक्रिया पूर्ण करा सकते हैं। जिला प्रशासन ने सभी किसानों से अपील की है कि वे निर्धारित अवधि में अपना फार्मर रजिस्ट्री कराकर कृषि विभाग की सभी योजनाओं का लाभ सुनिश्चित करें। इस अवसर पर उप विकास आयुक्त, सुमन प्रसाद साहु अपर समाहर्ता, मुकेश रंजन, जिला कृषि पदाधिकारी सहित अन्य पदाधिकारी उपस्थित थे। कार्तिक कुमार/संतोष झा- ११ मई/२०२६/ईएमएस