- सोशल मीडिया पर वायरल हुआ वीडियो - केसलेवाड़ा गांव में निजी कुएं में डाली गई गाय अंतिम संस्कार और दोषी पर कार्यवाही की उठी मांग बालाघाट (ईएमएस). जिले के हट्टा थाना क्षेत्र अंतर्गत ग्राम केसलेवाड़ा में मृत गाय को निजी कुएं में फेंके जाने की घटना ने ग्रामीणों में भारी आक्रोश पैदा कर दिया है। मामले को लेकर गांव में तनाव की स्थिति बन गई है और लोग इसे धार्मिक आस्था से जोडकऱ देख रहे हैं। इस पूरे घटना क्रम का वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल हो रहा है। जानकारी के अनुसार, ग्राम केसलेवाड़ा निवासी मोहनलाल पिता धनपाल पर आरोप है कि उन्होंने एक मृत गाय को फलेश्वर पिता गज़़लाल बिसेन के खेत स्थित निजी कुएं में फेंक दिया। घटना की जानकारी लगते ही ग्रामीण बड़ी संख्या में मौके पर पहुंच गए और विरोध जताने लगे। ग्रामीणों का कहना है कि मृत गाय को कुएं में फेंकना न केवल अस्वच्छता फैलाने वाला कृत्य है, बल्कि यह गौ माता के प्रति अनादर भी है। उन्होंने मांग की है कि गाय को कुएं से बाहर निकालकर विधि-विधान से अंतिम संस्कार किया जाए। ग्रामीणों ने यह भी आरोप लगाया कि कुछ लोगों द्वारा गाय को कुएं में ही लकड़ी और पेट्रोल डालकर जलाने की बात कही जा रही है, जिसका उन्होंने कड़ा विरोध किया है। उनका कहना है कि ऐसा करना और भी अनुचित होगा और इससे धार्मिक भावनाएं आहत होंगी। मामले की सूचना मिलने पर पुलिस मौके पर पहुंची और स्थिति को शांत कराने का प्रयास किया। ग्रामीणों ने प्रशासन से मांग की है कि दोषी व्यक्ति के खिलाफ सख्त कार्रवाई की जाए, ताकि भविष्य में इस तरह की घटनाएं न हों। फिलहाल पुलिस पूरे मामले की जांच में जुटी हुई है और ग्रामीणों को उचित कार्रवाई का आश्वासन दिया गया है। भानेश साकुरे / 11 मई 2026