:: स्नातक में 71 हजार से अधिक रजिस्ट्रेशन; 15 मई है पहले चरण की अंतिम तिथि, 20 मई को आएगी पहली लिस्ट :: इंदौर/भोपाल (ईएमएस)। उच्च शिक्षा विभाग के ई-प्रवेश पोर्टल पर शैक्षणिक सत्र 2026-27 के लिए विद्यार्थियों का जबरदस्त उत्साह देखने को मिल रहा है। सोमवार शाम तक प्रवेश के लिए पंजीयन कराने वाले छात्र-छात्राओं का आंकड़ा 1 लाख 10 हजार को पार कर गया है। बीते कुछ दिनों में रजिस्ट्रेशन की गति में भारी उछाल आया है, जिसे देखते हुए विभाग ने मॉनिटरिंग और बढ़ा दी है। विभागीय आंकड़ों के अनुसार, अब तक कुल 1,10,079 पंजीयन पोर्टल पर दर्ज हो चुके हैं। इनमें सबसे अधिक रुझान स्नातक (यूजी) पाठ्यक्रमों की ओर है, जहाँ 71,716 विद्यार्थियों ने आवेदन किया है। वहीं, स्नातकोत्तर (पीजी) में 15,273 और एनसीटीई से संबंधित पाठ्यक्रमों में 23,090 पंजीयन प्राप्त हुए हैं। कॉलेजों के चयन यानी चॉइस फिलिंग में भी छात्र पीछे नहीं हैं; अब तक 75,017 विद्यार्थी अपनी पसंद के कॉलेज और विषय लॉक कर चुके हैं, जबकि 56,240 आवेदनों का सत्यापन (वेरिफिकेशन) कार्य भी पूरा हो चुका है। :: 15 मई तक है सुनहरा मौका :: उच्च शिक्षा विभाग ने विद्यार्थियों और अभिभावकों को सचेत किया है कि प्रथम चरण के पंजीयन के लिए अब केवल कुछ ही दिन शेष हैं। पंजीकरण की अंतिम तिथि 15 मई निर्धारित की गई है। इसके बाद स्नातक की प्रथम आवंटन सूची 20 मई और स्नातकोत्तर की सूची 21 मई को जारी की जाएगी। अधिकारियों ने अपील की है कि तकनीकी दिक्कतों से बचने के लिए अंतिम समय का इंतजार न करें और प्रक्रिया समय पर पूर्ण कर लें। :: मदद के लिए कॉलेजों में हेल्प डेस्क :: विद्यार्थियों की सहायता के लिए प्रदेश के सभी शासकीय एवं अशासकीय महाविद्यालयों में हेल्प डेस्क स्थापित की गई है। यहाँ दस्तावेज सत्यापन के साथ-साथ प्रवेश संबंधी मार्गदर्शन भी दिया जा रहा है। विभाग द्वारा चलाए जा रहे निरंतर प्रचार-प्रसार और पारदर्शी प्रक्रिया के चलते ग्रामीण क्षेत्रों के विद्यार्थियों में भी इस बार ई-प्रवेश को लेकर काफी सकारात्मक माहौल देखा जा रहा है। प्रकाश/11 मई 2026