देहरादून (ईएमएस)। सुराज सेवादल के जिलाध्यक्ष सुमित अग्रवाल के नेतृत्व में संगठन के पदाधिकारियों ने जल संस्थान, बल्लूपुर रोड देहरादून में अधिशासी अभियंता को कैंट विधानसभा क्षेत्र में बढ़ती पेयजल किल्लत एवं सीवर समस्याओं को लेकर ज्ञापन सौंपा गया। इस अवसर पर जिलाध्यक्ष सुमित अग्रवाल ने कहा कि कैंट विधानसभा क्षेत्र में पानी की समस्या लगातार गंभीर होती जा रही है। कई क्षेत्रों में पानी आने का कोई निश्चित समय नहीं है, जिससे आम जनता को भारी परेशानियों का सामना करना पड़ रहा है। उन्होंने आरोप लगाया कि विभाग की लापरवाही के कारण टैंकर माफियाओं को बढ़ावा मिल रहा है और जनता पानी जैसी मूलभूत आवश्यकता को भी महंगे दामों में खरीदने को मजबूर है। इस अवसर पर सुमित अग्रवाल ने कहा कि कई क्षेत्रों में पर्याप्त जलापूर्ति नहीं होने के बावजूद जनता को लगातार पानी के बिल भेजे जा रहे हैं, जो आम लोगों के साथ अन्याय है। वरिष्ठ नेता ललित श्रीवास्तव ने हेमकुंज कॉलोनी की गंभीर सीवर समस्या का मुद्दा उठाते हुए कहा कि क्षेत्र में सीवर लाइन लंबे समय से पूर्ण रूप से चोक पड़ी हुई है, जिसके कारण गंदा पानी लोगों के घरों में बैक मार रहा है और क्षेत्र में स्वास्थ्य संबंधी खतरे उत्पन्न हो रहे हैं। उन्होंने आरोप लगाया कि सीवर लाइन खोलने के लिए विभागीय मशीन ऑपरेटरों द्वारा रूपए 1500 से रूपए 2000 तक की अवैध वसूली की मांग की जाती है, जबकि जनता पहले से ही सीवर शुल्क का भुगतान कर रही है। इस दौरान सुराज सेवा दल ने मांग की कि क्षेत्र में नियमित जलापूर्ति सुनिश्चित की जाए, टैंकर माफियाओं पर रोक लगाई जाए, हेमकुंज कॉलोनी की सीवर समस्या का तत्काल समाधान किया जाए तथा अवैध वसूली करने वाले कर्मचारियों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की जाए। इस अवसर पर अनेक सदस्य मौजूद रहे। शैलेन्द्र नेगी/ईएमएस/11 मई 2026