राज्य
11-May-2026


:: ग्लोबल कंपनियों और एआई स्टार्टअप्स के लिए तैयार होगा 4.48 लाख वर्गफीट का ऑफिस स्पेस :: इंदौर (ईएमएस)। शहर के रियल एस्टेट और आईटी सेक्टर के लिए सोमवार को एक बड़ी निवेश घोषणा सामने आई है। रियल एस्टेट फर्म माइक्रो मिट्टी ने इंदौर में अपने विस्तार विजन के तहत 300 करोड़ रुपये के निवेश की घोषणा की है। कंपनी शहर में साइबरसिटी बाय माइक्रो मिट्टी नाम से एक अत्याधुनिक कमर्शियल प्रोजेक्ट विकसित कर रही है, जिसका उद्देश्य इंदौर को वैश्विक क्षमता केंद्रों (जीसीसी) और तकनीकी कंपनियों के लिए देश का सबसे प्रतिस्पर्धी गंतव्य बनाना है। कंपनी द्वारा सोमवार को जारी बयान के अनुसार, यह महत्वाकांक्षी प्रोजेक्ट 2.3 एकड़ भूमि पर फैला होगा। इसमें कुल 4.48 लाख वर्गफीट का लीजेबल एरिया (किराये पर देने योग्य क्षेत्र) उपलब्ध होगा। इस स्पेस का मुख्य हिस्सा आधुनिक ऑफिसों के लिए आरक्षित रहेगा, जबकि कुछ हिस्सा रिटेल (व्यावसायिक) गतिविधियों के लिए विकसित किया जाएगा। प्रोजेक्ट का निर्माण कार्य शुरू हो चुका है और अप्रैल 2029 तक इसके पूर्ण होने की उम्मीद है। :: टियर-2 शहरों की ओर बढ़ रही हैं वैश्विक कंपनियां :: माइक्रो मिट्टी के संस्थापक और सीईओ मनोज धनोतिया ने कहा कि बाजार में एक बड़ा ढांचागत बदलाव दिख रहा है। अब वैश्विक कंपनियां महानगरों से आगे निकलकर इंदौर जैसे टियर-2 शहरों को गंभीरता से देख रही हैं। हमारा 300 करोड़ रुपये का निवेश इसी विश्वास को दर्शाता है कि इंदौर भविष्य में ग्लोबल कैपेबिलिटी सेंटर (जीसीसी) और एआई (आर्टिफिशियल इंटेलिजेंस) आधारित उद्यमों के लिए भारत के प्रमुख केंद्रों में से एक बनेगा। :: आईटी प्रतिभाओं को मिलेगा मंच :: गौरतलब है कि 2023 में स्थापित माइक्रो मिट्टी अब तक प्लॉटेड डेवलपमेंट और प्रीमियम आवासीय फ्लैट्स के तीन प्रोजेक्ट्स लॉन्च कर चुकी है। कंपनी का मानना है कि साइबरसिटी प्रोजेक्ट न केवल शहर के बुनियादी ढांचे को मजबूत करेगा, बल्कि स्थानीय आईटी प्रतिभाओं के लिए अंतरराष्ट्रीय स्तर के ऑफिस स्पेस उपलब्ध कराकर रोजगार के नए अवसर भी पैदा करेगा। इंदौर की बढ़ती कनेक्टिविटी और ईज ऑफ डूइंग बिजनेस के कारण अब बड़ी तकनीकी कंपनियां यहां अपने पैर जमाने के लिए उत्सुक हैं। प्रकाश/11 मई 2026