मनोरंजन
12-May-2026
...


मुंबई (ईएमएस)। सोशल मीडिया पर इन दिनों चैटजीपीटी और एआई टूल्स की बढ़ती लोकप्रियता के बीच ‘मेट गाला’ से जुड़ा एक नया ट्रेंड तेजी से वायरल हो रहा है। आर्टिफिशियल इंटेलिजेंस (एआई) अब लोगों की कल्पनाओं को नई उड़ान देने लगा है।मेट गाला में सितारे अपने अनोखे फैशन स्टाइल से सुर्खियां बटोर रहे हैं, वहीं आम सोशल मीडिया यूजर्स और सेलिब्रिटीज भी एआई की मदद से खुद के ‘मेट गाला’ लुक तैयार कर रहे हैं। इसी ट्रेंड में अब अभिनेता गजराज राव भी शामिल हो गए हैं। गजराज राव ने अपने इंस्टाग्राम अकाउंट पर कुछ तस्वीरें पोस्ट कीं, जिनमें उनके साथ अभिनेत्री नीना गुप्ता भी नजर आ रही हैं। खास बात यह है कि इन तस्वीरों को एआई की मदद से तैयार किया गया है। तस्वीरों में दोनों कलाकारों को बेहद ग्लैमरस और अनोखे ‘मेट गाला’ अवतार में दिखाया गया है। गजराज राव भारी-भरकम और अजीबोगरीब डिजाइन वाले कोट में नजर आ रहे हैं, जबकि नीना गुप्ता का लुक किसी हॉलीवुड फैशन आइकन से कम नहीं लग रहा। एआई से बनाए गए इन लुक्स में इतनी बारीकी और परफेक्शन है कि पहली नजर में वे बिल्कुल असली दिखाई देते हैं। इन तस्वीरों को साझा करते हुए गजराज राव ने मजेदार अंदाज में लिखा, “अगर किसी दूसरी दुनिया में मिस्टर और मिसेज कौशिक को मेट गाला का निमंत्रण मिलता, तो आपको क्या लगता है कि उनका कौन-सा लुक सबसे ज्यादा चर्चा में रहता?” उनके इस कैप्शन ने फैंस को और भी ज्यादा आकर्षित किया। सोशल मीडिया पर लोग इन तस्वीरों पर जमकर प्रतिक्रिया दे रहे हैं और दोनों कलाकारों के मजाकिया अंदाज की खूब तारीफ कर रहे हैं। नीना गुप्ता ने भी इस पोस्ट पर हंसने वाले इमोजी के जरिए अपनी प्रतिक्रिया दी, जबकि अभिनेत्री मोना सिंह ने हार्ट इमोजी पोस्ट कर दोनों के लुक्स की सराहना की। गजराज राव और नीना गुप्ता की जोड़ी पहले भी फिल्मों में दर्शकों का दिल जीत चुकी है। दोनों ने ‘बधाई हो’ और ‘शुभ मंगल ज्यादा सावधान’ जैसी फिल्मों में साथ काम किया था। इन फिल्मों में उन्होंने एक पारंपरिक मध्यमवर्गीय दंपति का किरदार निभाया था, जिसे दर्शकों ने बेहद पसंद किया। सुदामा/ईएमएस 12 मई 2026