मुंबई (ईएमएस)। टीवी शो ‘मंगल लक्ष्मी’ में मंगल का किरदार निभा रहीं अभिनेत्री दीपिका सिंह ने अपने बेटे सोहम को अपनी जिंदगी का सबसे अहम हिस्सा बताया और कहा कि मातृत्व ने उन्हें जीवन को नए नजरिए से समझना सिखाया है। दीपिका सिंह ने मदर्स डे को लेकर अपनी भावनाएं साझा करते हुए कहा कि मां बनना उनकी जिंदगी का सबसे सुंदर और बदलाव लाने वाला अनुभव रहा है। दीपिका सिंह ने कहा कि एक अभिनेत्री के तौर पर उन्होंने पर्दे पर कई तरह के किरदार निभाए हैं, लेकिन अपने बेटे सोहम की मां बनना उनके जीवन का सबसे खास और सबसे बड़ा किरदार है। उनके अनुसार मां बनना केवल एक जिम्मेदारी नहीं, बल्कि जीवनभर चलने वाला भावनात्मक सफर है, जो हर दिन इंसान को कुछ नया सिखाता है। अभिनेत्री ने बताया कि उनके बेटे का मासूम और प्यारा स्वभाव उन्हें जिंदगी के छोटे-छोटे पलों की अहमियत का एहसास कराता है। उन्होंने कहा कि कई बार व्यस्त जीवन में लोग छोटी खुशियों को नजरअंदाज कर देते हैं, लेकिन बच्चे हर पल को खास बना देते हैं। दीपिका ने कहा कि जब वह अपने शो में बच्चों के साथ शूटिंग करती हैं, तो उन्हें अक्सर ऐसा महसूस होता है जैसे वह अपने बेटे सोहम के साथ समय बिता रही हों। उन्होंने बताया कि वह अपने बेटे को यह समझाने की कोशिश करती हैं कि प्यार और देखभाल केवल मां तक सीमित नहीं होती। दादी, नानी, मौसी, चाची और शिक्षक जैसे रिश्ते भी बच्चों की जिंदगी में बेहद खास भूमिका निभाते हैं। दीपिका के मुताबिक परिवार का हर सदस्य बच्चे को स्नेह और संस्कार देने में महत्वपूर्ण योगदान देता है। दीपिका सिंह ने यह भी कहा कि वह चाहती हैं कि उनका बेटा उन्हें एक कामकाजी महिला और जिम्मेदार मां दोनों रूपों में देखे। उनके अनुसार जब बच्चे अपनी मां को मेहनत करते हुए देखते हैं, तो उन्हें यह समझ आता है कि सपनों को पूरा करने के लिए संघर्ष और समर्पण कितना जरूरी होता है। मदर्स डे के मौके पर दीपिका ने सभी माताओं और महिलाओं को सम्मान देते हुए कहा कि वह सिर्फ अपने मां होने का जश्न नहीं मना रहीं, बल्कि उन सभी महिलाओं की ताकत और समर्पण को सलाम करती हैं, जो प्यार और धैर्य के साथ अपने परिवार की जिम्मेदारियां निभाती हैं। उन्होंने कहा कि एक महिला की पहचान केवल मां होने तक सीमित नहीं होती, बल्कि वह जीवन में कई जिम्मेदारियां एक साथ निभाती है। सुदामा/ईएमएस 12 मई 2026