क्षेत्रीय
12-May-2026
...


- शरीर पर मिले चाकू के दर्जनों निशान, पुलिस जांच में जुटी समस्तीपुर (ईएमएस)। बिहार के समस्तीपुर जिले में एक दिल दहला देने वाली वारदात सामने आई है, जहाँ घटहो थाना क्षेत्र के मूसापुर वार्ड 11 में एक 22 वर्षीय युवक, विकास कुमार महतो की चाकू से गोदकर बेरहमी से हत्या कर दी गई। युवक का शव मंगलवार सुबह गांव के बाहर चौर (मैदानी इलाके) में पाया गया। मृतक के शरीर, विशेषकर गर्दन और पीठ पर गहरे जख्म के निशान मिले हैं। परिजनों के अनुसार, विकास सोमवार रात पड़ोस में एक शादी समारोह में भोज खाने गया था, जिसके बाद वह घर नहीं लौटा। सुबह ग्रामीणों ने उसका शव देखकर पुलिस को सूचित किया। घटना की जानकारी मिलते ही दलसिंहसराय डीएसपी विवेक कुमार शर्मा और स्थानीय पुलिस टीम मौके पर पहुँची। पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए सदर अस्पताल भेज दिया है। बताया जा रहा है कि युवक थोड़ा मंदबुद्धि का था और परिवार ने किसी से भी व्यक्तिगत दुश्मनी होने की बात से इनकार किया है। फिलहाल हत्या का कारण स्पष्ट नहीं हो सका है, लेकिन पुलिस परिजनों के बयान दर्ज कर और साक्ष्य जुटाकर मामले की गहन जांच में जुट गई है। डीएसपी ने जल्द ही अपराधियों की गिरफ्तारी और मामले के खुलासे का आश्वासन दिया है। रामयश/ईएमएस 12 मई 2026