अंबिकापुर(ईएमएस)। जिले के लखनपुर थाना क्षेत्र में नेशनल हाईवे-130 पर कुंवरपुर मोड़ के पास एक गंभीर सड़क हादसा हो गया। रायपुर से उत्तर प्रदेश जा रही एक तेज रफ्तार कार अनियंत्रित होकर लगभग 40 फीट गहरी खाई में जा गिरी। हादसे के बाद मौके पर अफरा-तफरी मच गई। बताया जा रहा है कि कार में सवार युवक वाहन के अंदर ही फंस गया था। घटना की सूचना मिलते ही लखनपुर पुलिस तुरंत मौके पर पहुंची और कड़ी मशक्कत के बाद घायल को कार से बाहर निकाला। घायल युवक की पहचान अभिषेक पांडे (पिता अजय पांडे) के रूप में हुई है। वह मूल रूप से भदोही, उत्तर प्रदेश का निवासी है और वर्तमान में रायपुर के कबीर नगर क्षेत्र में रह रहा था। पुलिस के अनुसार, घायल को तत्काल सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र लखनपुर में भर्ती कराया गया, जहां प्राथमिक उपचार के बाद उसकी गंभीर हालत को देखते हुए जिला अस्पताल रेफर कर दिया गया। फिलहाल पुलिस मामले की जांच कर रही है और हादसे के कारणों का पता लगाया जा रहा है। सत्यप्रकाश(ईएमएस)12 मई 2026