12-May-2026
...


- दो घंटे की मशक्कत के बाद आग पर पाया काबू कोडरमा (ईएमएस)। झारखंड के कोडरमा थाना क्षेत्र के जलवाबाद में मंगलवार तड़के एक मकान की छत पर स्थित कपड़े के गोदाम में भीषण आग लग गई। इस अग्निकांड में करीब 35 लाख रुपये का स्टॉक जलकर पूरी तरह नष्ट हो गया। हादसा उस वक्त हुआ जब गोदाम मालिक शमशाद आलम अपने परिवार के साथ घर में सो रहे थे। गनीमत रही कि सुबह नमाज पढ़ने जा रहे पड़ोसियों ने छत से उठती लपटें देख लीं और तुरंत परिजनों को सूचित किया। वहीं, जलने की गंध पाकर शमशाद की पत्नी ने भी शोर मचाया, जिससे पूरा परिवार समय रहते सुरक्षित बाहर निकल सका। आग की भयावहता देख स्थानीय लोगों ने इसे बुझाने का प्रयास किया, लेकिन सफलता नहीं मिली। सूचना पर पहुंची अग्निशमन विभाग की टीम ने करीब दो घंटे की कड़ी मशक्कत के बाद लपटों पर काबू पाया। गोदाम मालिक ने बताया कि उन्होंने बाहर निकलते ही सबसे पहले बिजली का मुख्य कनेक्शन काट दिया था, फिर भी आग ने तेजी से पूरे गोदाम को चपेट में ले लिया। पुलिस और दमकल विभाग अब आग लगने के कारणों की जांच कर रहे हैं। - ईएमएस 12 मई 2026