मिर्जापुर (ईएमएस)। लखनऊ उत्तर प्रदेश कांग्रेस कमेटी के अध्यक्ष श्री अजय राय जी-पूर्व मंत्री ने आज प्रदेश कांग्रेस कार्यालय लखनऊ पर एक अति महत्वपूर्ण मुद्दे पर प्रेस वार्ता को सम्बोधित किया। प्रेस वार्ता में पूर्व विधान परिषद सदस्य विवेक बंसल, उत्तर प्रदेश कांग्रेस कमेटी के वाइस चेयरमैन मनीष हिन्दवी मुख्य रूप से शामिल रहे। प्रेस वार्ता को सम्बोधित करते हुए प्रदेश कांग्रेस अध्यक्ष श्री अजय राय ने कहा कि आज देश के प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी जी देशवासियों से एक वर्ष के लिए सोना न खरीदने, पेट्रोल-डीजल का उपयोग सम्भाल करने की अपील कर रहे हैं, क्या आज देश में कोई आर्थिक संकट या फिर कोई आपात स्थिति उत्पन्न हो गयी है? और यदि है तो ठीक 2 घंटे बाद गुजरात में मोदी जी रोड शो क्यों कर रहे हैं? श्री राय ने कहा कि मोदी जी को चाहिए कि वह अपने भाजपा नेताओं से अपील करें कि वह देश हित में दान करें जिन्होंने सत्ता में रहते हुए जनता की गाढ़ी कमाई की लूट-घसोट की है। मोदी जी को स्वयं अपना काफिला कम करना चाहिए आय-दिन मोदी जी रोड-शो करते नजर आ रहें हैं जिसमें दर्जनों-दर्जनों गाड़ियां चल रही हैं जिससे पेट्रोल-डीजल व्यय हो रहा है, और आज भी मोदी जी सोमनाथ मन्दिर के बाहर रोड-शो कर रहे हैं। श्री राय ने कहा कि नेता को अपनी नजीर स्वयं पेश करनी होती है वर्ष 1962 में भारत चीन विश्व युद्ध के दौरान देश गंभीर सैन्य और आर्थिक संकट का सामना कर रहा था, युद्ध के लिए धन और संसाधनों की आवश्यकता थी इन परिस्थितियों में देश की तत्कालीन प्रधानमंत्री इंदिरा गांधी जी ने अपने आभूषण (336 ग्रा0 सोना ) राष्ट्रीय रक्षा कोष में दान कर दिया था। प्रधानमंत्री जी लगातार झूठ बोलकर देश की भोली-भाली जनता को गुमराह कर सच को छुपाने की कोशिश कर रहे हैं, जबकि सच्चाई यह है कि मोदी जी ने देश को पूरी तरीके से बर्बाद कर दिया है। मोदी जी सिर्फ राज्यों के चुनावों को किस प्रकार से जीता जाए सिर्फ इस पर काम कर रहे हैं, बाकी देश की जनता से उन्हें कोई सरोकार नहीं है। श्री राय ने कहा कि इस देश की सबसे बड़ी समस्या मोदी जी स्वयं है जो चुनाव से पूर्व देशवासियों से सच छुपाया ताकि कहीं चुनाव प्रभावित न हो जाए, और ठीक उसके बाद राज्यों में भाजपा की सरकार बनने के बाद देशवासियों से अपील करना कि वह एक वर्ष तक सोना न खरीदें पेट्रोल-डीजल की बचत करें, यह देशवासियों से धोखा है कि उन्होंने सच्चाई बताने में इतनी देरी क्यों कि कहीं उन्हें चुनाव हारने का डर तो नहीं सता रहा था? श्री राय ने कहा कि भाजपा ने बीते 12 सालों में देश को पूरी तरीके से बर्बाद कर दिया है। गैस के दामों में बढ़ोत्तरी, खाद सामग्री के दामों में वृद्धि, विद्यालय की बढ़ती फीस से इस देश का आम जनमानस पहले से ही त्रस्त था और अब मोदी जी की इस अपील से समाज के सर्राफा व्यापारी ट्रेवेल्स एजेंसीज का काम करने वाले लोगों की रोजी-रोटी पर भी खतरा आ चुका है। श्री राय ने कहा कि जुमला और झूठ मोदी जी की पहचान बन चुके हैं। देश की जनता अब यह समझने लगी है कि मोदी जी जो भी कहते हैं वह खुद उस पर अमल नहीं करते। 70 दिन से युद्ध चल रहा है मगर मोदी जी को देश की चिंता कल सताई जब पांच राज्यों में चुनाव संपन्न हो चुके हैं। जिस प्रधानमंत्री को देश की जनता और उसकी बेहतरी से ज्यादा चुनाव प्यारे हों, जिसे जनता की तकलीफों से ज्यादा चुनाव जीतने की फिक्र हो उससे किसी भी संवेदनशीलता की उम्मीद करना बेमानी है। - 12 मई /2026