खेल
12-May-2026
...


गोंडा (ईएमएस)। ओलंपियन महिला पहलवाल विनेश फोगाट ने भारतीय कुश्ती महासंघ (डब्ल्यूएफआई) पर आरोप लगाये हैं कि उन्हें खेल से बाहर करने के प्रयास चल रहे हैं। विनेश ने कहा है कि कुश्ती महासंघ उन्हें जानबूझकर परेशान कर रहा है ताकि वह खेल छोड़ दें। विनेश ने कहा है कि वह इसके बाद भी खेल नहीं छोड़ेगी और अपनी ओर से संघर्ष करती रहेंगी। विनेश का प्रयास गोंडा में आयोजित राष्ट्रीय ओपन रैंकिंग टूर्नामेंट से वापसी का था पर कुश्ती महासंध ने उन्हें अयोग्य घोषित कर रोग दिया। महासंघ ने डोपिंग रोधी नियमों के तहत संन्यास से वापसी करने वाले खिलाड़ियों के लिए अनिवार्य छह महीने के नोटिस समय की बात कहते हुए उन्हें 26 जून 2026 तक के लिए अयोग्य ठहराया है। विनेश प्रतियोगिता स्थल पर पहुंचीं और दावा किया कि वह मुकाबले में वापसी के योग्य हैं पर महासंघ के अधिकारियों ने उनको अवसर देने से साफ इंकार कर दिया। महासंघ के अधिकारियों से मुलाकात के बाद विनेश ने कहा, आप मुझसे क्या उम्मीद करते हैं? क्या मैं संन्यास ले लूं और दूर हो जाऊं? हार मान लूं? जिससे कि मेरे खिलाफ उनकी साजिश कामयाब हो जाए? वे चाहते हैं कि मैं कुश्ती छोड़ दूं, मैं थक जाऊं, मैं हाथ जोड़ लूं और चली जाऊं। उन्होंने कहा कि महासंघ के कारण बताओ नोटिस पर उन्होंने अपना जवाब भी दे दिया है। साथ ही कहा कि इससे पहले मुझे किस आधार पर दोषी माना जा रहा है। विनेश ने यह भी स्पष्ट किया कि उन्होंने किसी भी डोपिंग रोधी नियम का उल्लंघन नहीं किया है और अंतरराष्ट्रीय स्तर पर वापसी के लिए उन्हें विश्व डोपिंग रोधी एजेंसी (वाडा) से अनुमति मिल गयी। विनेश ने कहा कि उन्होंने पिछले साल जून में ही खेल में वापसी की सूचना दे दी थी और यूनाइटेड वर्ल्ड रेसलिंग को भी संन्यास के बाद दोबारा प्रतियोगिता में हिस्सा लेने के अपने फैसले के बारे में सूचित कर दिया था। गिरजा/ ईएमएस 12मई 2026