मुम्बई (ईएमएस)। दिग्गज स्पिनर हरभजन सिंह ने चेन्नई सुपर किंग्स (सीएसके) के युवा बल्लेबाज उर्विल पटेल की बल्लेबाजी की जमकर सराहना की है। उर्विल ने हाल ही में आईपीएल 2026 के एक अहम मुकाबले में सीएसके की लखनऊ सुपर जायंट्स के खिलाफ जीत में अहम भूमिका निभाई थी। हरभजन ने कहा कि उर्विल में दबाव के बीच भी अच्छा प्रदर्शन करने की क्षमता है। उनकी निडर बल्लेबाजी से मैच का रुख बदल गया। इससे साफ है कि वह आने वाले समय में एक बेहतरीन खिलाड़ी बनेंगे। हरभजन उर्विल की बल्लेबाजी शैली से खासे प्रभावित दिखे। उन्होंने कहा कि युवा बल्लेबाज शुरुआत से ही अपनी रणनीति को लेकर बिल्कुल स्पष्ट थे। हरभजन ने कहा, पहले छह छक्कों को देखकर लगा कि उन्होंने सिर्फ एक ही क्षेत्र को निशाना बनाने का फैसला किया था। जिस तरीके से उन्होंने एक कठिन पिच पर बड़े शॉट खेले उससे उनकी असाधारण क्षमता का अंदाजा होता है। वह निश्चित रूप से भविष्य में एक बेहतरीन खिलाड़ी साबित होंगे।उर्विस की बेतरीन पारी से ही ये मैच सीएसके के पाले में आया। यह उर्विल पटेल की आक्रामक बल्लेबाजी ही थी जिसने पूरे मैच का रुख सीएसके की ओर किया। उनकी विस्फोटक पारियों ने विरोधी गेंदबाजों पर जबरदस्त दबाव बनाया और CSK को एक कठिन स्थिति से निकालकर जीत की राह पर मजबूती से आगे बढ़ाया। हरभजन ने शिवम दुबे की फिनिशर के तौर पर भूमिका की भी प्रशंसा की। उन्होंने कहा, शिवम दुबे को पिछले कुछ मैचों में बहुत ज्यादा बल्लेबाजी के मौके नहीं मिले थे, लेकिन जब टीम को उनकी सबसे ज्यादा जरूरत थी, तो उन्होंने अपने को साबित किया। गिरजा/ईएमएस 12 मई 2026