मुरैना ( ईएमएस ) | शासन के निर्देशानुसार प्रत्येक मंगलवार को आयोजित होने वाली जनसुनवाई के अंतर्गत कलेक्टर श्री लोकेश कुमार जांगिड़ ने जिला मुख्यालय स्थित कलेक्ट्रेट कार्यालय, मुरैना में जनसुनवाई के दौरान 272 आवेदकों की समस्याओं को सुना। जनसुनवाई में गंभीर समस्या वाले 18 आवेदनों पर कलेक्टर ने टीएल मार्क किया और कहा कि इन आवेदनों पर सुनवाई टीएल बैठक में अधिकारियों से रूबरू की जाएगी। मंगलवार, 12 मई को आयोजित जनसुनवाई में कलेक्टर श्री जांगिड़ ने राजस्व, भूमि विवाद, छात्रवृत्ति, अतिथि शिक्षक, स्वास्थ्य, सामाजिक न्याय, पेंशन, स्वच्छता, अतिक्रमण, सिंचाई विभाग सहित विभिन्न विभागों से संबंधित आवेदनों को सुना। कलेक्टर ने प्राप्त आवेदनों को संबंधित अधिकारियों को जन आकांक्षा पोर्टल पर अपलोड करने के निर्देश दिये। इस अवसर पर मुख्य कार्यपालन अधिकारी, जिला पंचायत कमलेश कुमार भार्गव, अपर कलेक्टर अश्विनी कुमार रावत, डिप्टी कलेक्टर भरत कुमार, श्रीमती प्रतिज्ञा शर्मा सहित समस्त जिला अधिकारी उपस्थित रहे।