प्रधानमंत्री का तथाकथित अमृतकाल, देश के लिए विषकाल बना नई दिल्ली,(ईएमएस)। नेशनल एंट्रेंस कम एलिजिबिलिटी टेस्ट (नीट) यूजी 2026 का पेपर लीक होने के बाद रद्द कर दिया गया है। लेकिन बच्चों के भविष्य के साथ इस तरह के खिलवाड़ के बाद देशभर में बवाल मच गया है। नीट 2026 की परीक्षा रद्द होने पर राहुल गांधी ने मोदी सरकार पर हमला कर भ्रष्ट भाजपा व्यवस्था का नतीजा बताया है। एसओजी इस घटनाक्रम को पेपर लीक नहीं मान रही है, लेकिन यह बात मान रही है वायरल गेस पेपर से 120 सवाल हूबहू मुख्य परीक्षा में आए थे। विरोध के बाद इसकी जांच का जिम्मा सीबीआई को दे दिया गया है। वहीं विपक्षी पार्टी केंद्र सरकार पर निशाना साध रही हैं। कांग्रेस नेता राहुल गांधी ने लिखा, “नीट 2026 की परीक्षा रद्द हुई, 22 लाख से अधिक छात्रों की मेहनत, त्याग और सपनों को इस भ्रष्ट भाजपा व्यवस्था ने कुचल दिया। किसी पिता ने कर्ज लिया, किसी मां ने गहने बेचे, लाखों बच्चों ने रात-रात भर जागकर पढ़ाई की और बदले में मिला पेपर लीक, सरकारी लापरवाही और शिक्षा में संगठित भ्रष्टाचार आपके सामने है। राहुल गांधी ने नीट पेपर लीक को युवाओं के भविष्य के साथ अपराध बताया है। उन्होंने लिखा, “यह सिर्फ नाकामी नहीं, युवाओं के भविष्य के साथ अपराध है। हर बार पेपर माफिया बच जाता हैं और ईमानदार छात्र सजा भुगतते हैं। अब लाखों छात्र फिर से वहीं मानसिक तनाव, आर्थिक बोझ और अनिश्चितता झेलनी होगी। प्रधानमंत्री का तथाकथित अमृतकाल, देश के लिए विषकाल बन गया है। आशीष दुबे / 12 मई 2026