क्षेत्रीय
12-May-2026
...


दुर्ग(ईएमएस)। जिले के कुम्हारी थाना क्षेत्र अंतर्गत खपरी गांव में मंगलवार को बड़ा हादसा हो गया। घर में हुए गैस सिलेंडर ब्लास्ट के बाद लगी भीषण आग में एक ही परिवार के चार लोगों की जलकर मौत हो गई, जिनमें चार साल का मासूम बच्चा भी शामिल है। जानकारी के अनुसार, खपरी गांव में स्थित एक मकान में अचानक तेज धमाके के साथ गैस सिलेंडर फट गया। धमाका इतना जोरदार था कि देखते ही देखते पूरे घर में आग फैल गई और मकान पूरी तरह आग की चपेट में आ गया। घटना के समय परिवार के सदस्य घर के अंदर ही मौजूद थे, जो आग और धुएं के कारण बाहर नहीं निकल सके। हादसे में अनिल वैष्णव (45), चांदनी वैष्णव (18), लक्ष्मी वैष्णव (20) और चार साल की गोपिका वैष्णव की मौके पर ही मौत हो गई। धमाके की आवाज सुनकर आसपास के ग्रामीण मौके पर पहुंचे और आग बुझाने का प्रयास किया, लेकिन आग इतनी भीषण थी कि उस पर काबू पाना संभव नहीं हो सका। बाद में फायर ब्रिगेड की टीम मौके पर पहुंची और आग बुझाने की कार्रवाई की। घटना के बाद घर के अंदर से चारों शव बरामद किए गए, जिसके बाद पूरे गांव में मातम छा गया है। परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल है। सूचना मिलते ही पुलिस प्रशासन और जिला प्रशासन की टीम मौके पर पहुंची और स्थिति का जायजा लिया। जांच के लिए वरिष्ठ अधिकारी भी घटनास्थल पर पहुंचे हैं। इसमें सांसद विजय बघेल, शिक्षा मंत्री गजेंद्र यादव, स्वास्थ्य मंत्री श्याम बिहारी जायसवाल, पुलिस अधीक्षक विजय अग्रवाल और कलेक्टर अभिजीत सिंह सहित कई अधिकारी शामिल रहे। प्रशासन ने घटना की जांच शुरू कर दी है और यह पता लगाया जा रहा है कि सिलेंडर ब्लास्ट किन परिस्थितियों में हुआ। सत्यप्रकाश(ईएमएस)12 मई 2026