क्षेत्रीय
12-May-2026
...


- बेअदब अल्फाज से गुस्साया मुस्लिम समाज उतरा सड़क पर - शहर भर में फैला आक्रोश, सैकड़ो लोगो पहुचें पुलिस कमिश्रनर कार्यालय - शहर काजी ने मुलाकात कर की सख्त कार्यवाही की मांग - विधायक मसूद और आतिफ ने भी जताया कड़ा विरोध - सख्त कार्यवाही न होने पर दी भोपाल बंद और विधानसभा घेराव की चेतावनी भोपाल(ईएमएस)। राजधानी भोपाल में दो दिन पहले हिंदू संगठन के कार्यकर्ताओं द्वारा एक होटल में ठहरे युवक और युवती को पकड़ने के बाद युवक के साथ मारपीट के दौरान प्रयोग किये गये अपशब्दो को लेकर शहर के मुस्लिम समाज में जर्बदस्त आक्रोश फैल गया है। इसे लेकर मंगलवार को मुस्लिम समाज सड़क पर उतर आया। आपत्तिजनक शब्दों का उपयोग करने पर आक्रोशित मुस्लिमो ने दोषियों को तुरंत गिरफ्तार कर उनके खिलाफ सख्य कार्यवाही की मांग की। साथ ही कड़ी कार्यवाही नहीं होने पर चेतावनी भोपाल बंद करने और विधानसभा घेराव की चेतावनी दी है। जानकारी के मुताबिक रविवार को हिंदू संगठन से जुड़े कार्यकर्ताओं ने होटल से पकड़े गये युवक को अर्धनग्न कर कर उसका क्षेत्र में जूलूस निकालते हुए जमकर मारपीट की। इसके साथ ही उसके चेहरे पर गोबर और स्याही पोती गई। बाद में युवक को गोविंदपुरा पुलिस के हवाले कर दिया गया था। यह मामला गौतम नगर इलाके स्थित प्राइड होटल का है। - मारपीट के दौरान किया अपशब्दो का प्रयोग मारपीट के दौरान संगठन के लोगो ने धर्म से संबधित अपशब्दो का प्रयोग किया। इसे लकर मंगलवार को गुस्साये मुस्लिम समाज के हजारो लोग पुराने शहर में रॉयल मार्केट के पास स्थित काजियात में जमा हुए। उनका आरोप था कि युवक के साथ मारपीट के दौरान आपत्तिजनक भाषा का उपयोग किया गया, जो कि गलत है। शहर काजी सैयद मुश्ताक अली नदवी ने आक्रोशित लोगो को संबोधित कर कहा की वह पुलिस कमिश्नर से मुलाकात कर आरोपियो के खिलाफ सख्त कार्यवाही की मांग करेंगे। - पुलिस कमिश्नर कार्यालय के बाहर मचा हुजूम, हुई नारेबाजी इसके बाद हजारो की संख्या में समाजजन शहर काजी के साथ पुलिस कंट्रोल रूम के बाहर पहुंचे और आरोपियों की गिरफ्तारी कर उनका जुलूस निकालने की मांग की। शहर काजी सैयद मुश्ताक अली नदवी ने प्रतिनिधिमंडल के साथ पुलिस कमिश्नर संजय कुमार को ज्ञापन दिया। इसमें उन्होंने दोषियों पर सख्त कार्रवाई करने और पुलिस की देखरेख में पूरी घटना होने के बावजूद भी कार्रवाई नहीं करने को लेकर पुलिस कर्मियों के खिलाफ भी कार्रवाई करने की मांग की। - विधायक रहे मौजूद, गुस्साये लोगो से घिर गया कमिश्नर ऑफिस उनका कहना था कि आपत्तिजनक शब्दों का इस्तेमाल करके उनकी भावना को ठेस पहुंचाई गई है। इस दौरान विधायक आरिफ मसूद, आतिफ अकील, एआईएमआईएम के मोहसिन अली भी मौजूद थे। गुस्साये लोगो ने आरोपियों की 24 घंटे में गिरफ्तारी न होने पर बंद की चेतावनी भी दी है। बड़ी संख्या में लोगो के पहुचनें को लेकर कमिश्नर कार्यालय में अनेक अफसर भी मौजूद रहे वहीं पुलिस बल भी तैनात किया गया। - युवती ने कानूनी कार्यवाही से किया था इंकार वहीं थाने में हुई पूछताछ के दौरान मुस्लिम युवक के साथ मिली युवती ने पुलिस को बताया कि वह बीते करीब पांच साल से युवक खान के साथ लिव-इन रिलेशनशिप में रह रही है। और उसने उसके साथ कोई जबरदस्ती या गलत व्यवहार नहीं किया है। वह अपनी मर्जी से होटल में उसके साथ आई थी, वह उसके खिलाफ किसी तरह की कानूनी कार्रवाई नहीं चाहती। युवती ने यह भी बताया की बीते दिनो दिनों युवक जेल चला गया था। वह इन दिनों जिस रूम में रह रही है, वहां बाहरी युवकों की एंट्री नहीं है। लिहाजा दोनों होटल के रूम में मिलने पहुंचे थे। जुनेद / 12 मई