क्षेत्रीय
12-May-2026
...


- अखिल भारतवर्षीय दिगंबर जैन महिला परिषद द्वारा मातृत्व दिवस पर मातृशक्ति सम्मान समारोह आयोजित दमोह (ईएमएस)। अखिल भारतवर्षीय दिगंबर जैन महिला परिषद की प्रियकारिणी संभाग अंतर्गत प्रगति शाखा, दमोह द्वारा मातृत्व दिवस के पावन अवसर पर माताओं के सम्मान में प्रेरणादायक एवं गरिमामयी कार्यक्रम का आयोजन किया गया। कार्यक्रम का उद्देश्य मातृशक्ति के प्रति सम्मान, प्रेम एवं कृतज्ञता व्यक्त करना रहा। कार्यक्रम का शुभारंभ दीप प्रज्वलन के साथ किया गया। इस अवसर पर उपस्थित बहनों ने मां के महत्व पर प्रकाश डालते हुए कहा कि मां केवल एक शब्द नहीं, बल्कि प्रेम, त्याग, ममता एवं संस्कारों की जीवंत प्रतिमूर्ति होती है। वक्ताओं ने कहा कि मां ही बच्चों की प्रथम गुरु बनकर उन्हें जीवन के श्रेष्ठ संस्कार प्रदान करती है। कार्यक्रम में बहनों ने अपनी भावनाएं व्यक्त करते हुए कहा कि “मां है तो हर सपना आसान है”, “मां त्याग, प्रेम और संस्कारों की पहचान है”, “मां का प्यार दुनिया की सबसे बड़ी ताकत है”, तथा “मां की सीख जीवन की सबसे बड़ी पूंजी है।” इन भावपूर्ण विचारों को सुनकर उपस्थित सभी लोग भावुक एवं आनंदित हो उठे। इस अवसर पर माताओं का माला, श्रीफल एवं शॉल ओढ़ाकर सम्मान किया गया तथा मातृशक्ति के प्रति श्रद्धा एवं सम्मान व्यक्त किया गया। उपस्थित सभी माताओं ने समाज निर्माण में मातृशक्ति की भूमिका को सर्वोच्च एवं प्रेरणादायी बताया। कार्यक्रम में केंद्रीय संरक्षिका, प्रांतीय विशिष्ट अधिकारी, प्रांतीय पदाधिकारी एवं चेयरपर्सन बहनों सहित संभाग अध्यक्ष श्रीमती मोनिका सेठ, शाखा अध्यक्ष श्रीमती संगीता जैन, सचिव अमिता चौधरी, कोषाध्यक्ष उषा नायक एवं परिषद की समस्त बहनों का विशेष सहयोग रहा। सभी के सहयोग से कार्यक्रम सफलतापूर्वक संपन्न हुआ। ईएमएस, १२ मई, २०२६