खरगोन (ईएमएस)। राष्ट्रीय प्रौद्योगिकी दिवस के अवसर पर शासकीय पीजी कॉलेज में विद्यार्थियों के लिए ज्ञानवर्धक एवं प्रेरणादायक व्याख्यान तथा तकनीकी प्रश्नोत्तरी प्रतियोगिता का आयोजन किया गया। कार्यक्रम का मुख्य उद्देश्य विद्यार्थियों में विज्ञान, नवाचार एवं आधुनिक प्रौद्योगिकी के प्रति जागरूकता विकसित करना तथा उन्हें तकनीकी प्रगति से जोडऩा था। इस अवसर पर विद्यार्थियों को देश एवं विश्व में हो रहे वैज्ञानिक एवं तकनीकी विकासए भारतीय वैज्ञानिकों के योगदान तथा उभरती तकनीकों की महत्वपूर्ण जानकारी प्रदान की गई। कार्यक्रम में विद्यार्थियों ने उत्साह के साथ सहभागिता की। प्रश्नोत्तरी प्रतियोगिता के दौरान विज्ञान, सूचना प्रौद्योगिकी, अंतरिक्ष अनुसंधान,ए कृत्रिम बुद्धिमत्ता, डिजिटल तकनीक तथा भारत की वैज्ञानिक उपलब्धियों से संबंधित प्रश्न पूछे गए। विद्यार्थियों ने अपनी प्रतिभा, तार्किक क्षमता एवं सामान्य ज्ञान का उत्कृष्ट प्रदर्शन किया। महाविद्यालय की आईक्यूएसी समन्वयक एवं वरिष्ठ प्राध्यापक डॉ. वंदना बर्वे ने कहा कि वर्तमान समय तकनीक एवं नवाचार का युग है। ऐसे आयोजन विद्यार्थियों में वैज्ञानिक दृष्टिकोण विकसित करने के साथ.साथ उन्हें नई तकनीकों के प्रति जागरूक बनाते हैं। विशेषज्ञ वक्ता के रूप में डॉ. दिनेश चौधरी ने विद्यार्थियों को नवाचार एवं आधुनिक तकनीकों के विविध आयामों से अवगत कराया। विशेषज्ञ गोविंद यादव ने आर्टिफिशियल इंटेलिजेंस के उपयोग में नैतिकता, सतर्कता एवं जिम्मेदारी के महत्व पर प्रकाश डाला। आयोजन टीम में डॉ. दिनेश चौधरी, श्रीमती अमिका बिरले एवं संतोष कुमार राठौड़ का विशेष सहयोग रहा। ईएमएस/नाजिम शेख/ 12 मई 2026