क्षेत्रीय
12-May-2026


‎उल्हासनगर, (ईएमएस)। उल्हासनगर के कैंप-3 इलाके में दिनदहाड़े हुई चोरी की बड़ी वारदात से इलाके में हड़कंप मचा है। दरअसल अज्ञात चोरों ने एक बंद फ्लैट का दरवाजा तोड़कर करीब 4 लाख 66 हजार रूपये मूल्य के सोने-चांदी के आभूषण और नकदी चोरी कर ली। घटना के बाद स्थानीय नागरिकों में भय और दहशत का माहौल है। मिली जानकारी के अनुसार कैंप-3 के सी ब्लॉक स्थित शिव नैना अपार्टमेंट में रहने वाली जीनत बानो सिद्दीकी अपने पति और बेटे के साथ 10 मई की दोपहर खरीदारी के लिए पडघा गए हुए थे। परिवार घर में ताला लगाकर बाहर गया था। इसी दौरान शाम करीब 4 बजे के आसपास अज्ञात चोरों ने फ्लैट को निशाना बनाया। कुछ देर बाद पड़ोसियों ने फोन कर परिवार को सूचना दी कि उनके घर का दरवाजा खुला हुआ है और अंदर सामान बिखरा पड़ा है। सूचना मिलते ही परिवार तुरंत घर पहुंचा। वहां मुख्य दरवाजे की कुंडी टूटी हुई मिली और घर के अंदर अलमारी भी टूटी हुई थी। पीड़ित परिवार के अनुसार चोर अलमारी में रखे करीब 65 से 66 तोला सोना, चांदी के आभूषण और लगभग 7 हजार रुपया नकद लेकर फरार हो गए। चोरी हुए सामान में सोने की अंगूठियां, चैन, नेकलेस, टॉप्स समेत अन्य कीमती गहने शामिल हैं। कुल चोरी लगभग 4.66 लाख रूपये की हुई है। उधर पीड़ित हैदर अली सिद्दीकी ने बताया कि उनके फ्लैट के ऊपर तीसरी मंजिल पर फर्नीचर का काम चल रहा है। परिवार को शक है कि वहां काम करने वाला एक युवक पिछले कुछ दिनों से उनकी गतिविधियों पर नजर रख रहा था और घर खाली होने की जानकारी मिलने के बाद वारदात को अंजाम दिया गया। हालांकि परिवार ने किसी का नाम सीधे तौर पर नहीं लिया है। उधर घटना की सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और घटनास्थल का निरीक्षण किया। आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों के फुटेज खंगाले जा रहे हैं। पुलिस ने अज्ञात चोरों के खिलाफ मामला दर्ज कर आगे की जांच शुरू कर दी है। संतोष झा- १२ मई/२०२६/ईएमएस