12-May-2026
...


बालाघाट (ईएमएस). मध्य प्रदेश शासन खेल और युवा कल्याण विभाग के मार्गदर्शन में संचालित आरोह-2026 महाअभियान के अंतर्गत जिले में 1 मई से 31 मई तक ग्रीष्मकालीन खेल शिविर आयोजित किए जा रहे हैं। अभियान का उद्देश्य खिलाडिय़ों का संपूर्ण विकास एवं व्यक्तित्व निर्माण करना है। बालाघाट के मुलना स्टेडियम मैदान, कराते इंडोर हाल, म्युनिसिपल ग्राउंड, शहीद चन्द्रशेखर आजाद हॉकी फीडर सेंटर सहित जिला एवं विकासखंड मुख्यालयों पर नए स्वरूप में खेल शिविर संचालित किए जा रहे हैं। शिविर में नवागत खिलाडिय़ों के भविष्य निर्माण के साथ उनके सर्वांगीण विकास के सात प्रमुख उद्देश्यों को केंद्र में रखा गया है। इसी क्रम में जिला कराते प्रशिक्षण केंद्र, मुलना स्टेडियम में खिलाडिय़ों को नियमित प्रशिक्षण दिया जा रहा है। प्रशिक्षण में भाग लेने के लिए अभिभावकों एवं खिलाडिय़ों को ऑनलाइन लिंक एवं क्यूआर कोड के माध्यम से पंजीयन की सुविधा उपलब्ध कराई गई है, जिसकी जानकारी संबंधित खेल प्रशिक्षकों एवं युवा समन्वयकों द्वारा दी जा रही है। शिविर के दौरान खेल प्रशिक्षण के साथ जुंबा एक्सरसाइज, योग अभ्यास, आत्मरक्षा प्रशिक्षण तथा नेतृत्व क्षमता विकसित करने जैसी गतिविधियां भी कराई जा रही हैं। कराते प्रशिक्षण केंद्र में अभिभावकों से संवाद कार्यक्रम भी आयोजित किए जा रहे हैं, जिससे खिलाडिय़ों के विकास में परिवार की सहभागिता बढ़ सके। खेल शिविर के प्रचार-प्रसार एवं जागरूकता अभियान में जिला कराते प्रशिक्षक सजिन्द्र कृष्णन एवं वरिष्ठ खिलाड़ी खेल प्रचारक की भूमिका निभा रहे हैं। इसके अलावा रेडियो आकाशवाणी बालाघाट के माध्यम से भी खेल शिविर की गतिविधियों का प्रसारण किया जा रहा है। जिला खेल एवं युवा कल्याण अधिकारी राहुल बारेसा के मार्गदर्शन में शिविर का संचालन किया जा रहा है। वहीं जिला खेल कराते प्रशिक्षक सजिन्द्र कृष्णन द्वारा खिलाडिय़़ों को प्रतिदिन सुबह 6.30 बजे और शाम 5 बजे प्रशिक्षण दिया जा रहा है। आरोह-2026 शिविर में शामिल खिलाडिय़ों एवं अभिभावकों में उत्साह देखा जा रहा है। जुंबा, योग, नेतृत्व क्षमता विकास एवं आत्मरक्षा जैसी गतिविधियां विशेष रूप से आकर्षण का केंद्र बनी हुई हैं। जिलेभर से खिलाड़ी एवं अभिभावक लगातार ऑनलाइन पंजीयन कर शिविर से जुड़ रहे हैं। भानेश साकुरे / 12 मई 2026