विश्वकप में मिलेगा टीम को फायदा जोहांसबर्ग (ईएमएस)। इग्लैंड में होने वाले आगामी आईसीसी महिला टी20 विश्व कप महिला विश्वकप क्रिकेट से ठीक पहले दक्षिण अफ्रीका की अनुभवी तेज गेंदबाज शबनम इस्माइल ने खेल में वापसी की घोषणा कर दी है। शबनम की वापसी से दक्षिण अफ्रीकी टीम का गेंदबाजी आक्रमण बेहतर हुआ है। एक रिपोर्ट के अनुसार शबनम ने दक्षिण अफ्रीका के निदेशक एनोक न्कवे और मुख्य कोच मंडला माशिम्बी के साथ बातचीत के बाद वापसी की बात कही है। कोच माशिम्बी ने कहा, सच कहूं तो, हमारी गेंदबाजी में इस्माइल जैसी बेहतरीन खिलाड़ी का होना बहुत अच्छा होगा। गौरतलब है कि शबनम इस्माइल ने साल 2023 में अंतरराष्ट्रीय क्रिकेट से संन्यास ले लिया था। तब उन्होंने दक्षिण अफ्रीका को अपने ही धरती पर टी20 विश्व कप के फाइनल तक पहुंचाया था। वहीं उनके जाने के बाद से ही टीम की गेंदबाजी कमजोर हुई है। टीम तभी से उनकी जैसी गेंदबाज को शामिल करना चाह रही थी पर सफल नहीं हो रही थी। माशिम्बी ने हाल के महीनों में माना था कि टीम के पास तेज गेंदबाजी के अच्छे विकल्प नहीं हैं। इस साल की शुरुआत में न्यूजीलैंड के दौरे के बाद उन्होंने फिर से दोहराया था कि टीम की गेंदबाजी में और ज्यादा तेजी की जरूरत है। उन्होंने इशारों-इशारों में यह भी कहा था कि उन्हें उम्मीद है कि इस्माइल अपने संन्यास के फैसले पर दोबारा विचार करेंगी। उनकी यह उम्मीद अब एक वास्तविकता में बदल गई है। गौरतलब है कि अंतरराष्ट्रीय क्रिकेट से दूर होने के बावजूद, इस्माइल दुनिया भर में होने वाले फ्रैंचाइजी टूर्नामेंट्स में सबसे बेहतरीन तेज गेंदबाजों में से एक बनी हुई हैं। वह महिला प्रीमियर लीग, द हंड्रेड और महिला बिग बैश लीग जैसे टूर्नामेंट्स में लगातार शानदार प्रदर्शन कर रही हैं। महिला क्रिकेट में उनकी रफ्तार और आक्रामकता का कोई मुकाबला नहीं है, और महिला क्रिकेट के इतिहास में सबसे तेज गेंद फेंकने का रिकॉर्ड आज भी उन्हीं के नाम है। उनकी वापसी से दक्षिण अफ्रीका की अनुभवी नई गेंद की जोड़ी, मारिज़ाने कैप के साथ फिर से एक साथ आ सकती है। वहीं पूर्व कप्तान डेन वैन नीकेर्क के भी पिछले साल संन्यास से वापसी करने के बाद टीम में शामिल होने की खबरें हैं। दक्षिण अफ्रीकी टीम 13 जून को मैनचेस्टर में ऑस्ट्रेलिया के खिलाफ मुकाबले से अपने महिला टी20 विश्व कप अभियान की शुरुआत करेगी। गिरजा/ईएमएस 13 मई 2026