-एनडीए सरकार की वापसी, ए. नमशिवायम और मल्लाडी कृष्णा राव ने भी ली मंत्री पद की शपथ पुडुचेरी,(ईएमएस)। पुडुचेरी में राष्ट्रीय जनतांत्रिक गठबंधन (एनडीए) ने एक बार फिर सत्ता में वापसी करते हुए नई सरकार का गठन कर लिया है। अनुभवी नेता और ऑल इंडिया एन.आर. कांग्रेस (एआईएनआरसी) के संस्थापक एन. रंगासामी ने बुधवार को लगातार दूसरी बार और कुल पांचवीं बार पुडुचेरी के मुख्यमंत्री पद की शपथ ली। राजनिवास में आयोजित भव्य समारोह में उपराज्यपाल के. कैलाशनाथन ने उन्हें पद एवं गोपनीयता की शपथ दिलाई। मुख्यमंत्री रंगासामी के साथ एआईएनआरसी के वरिष्ठ नेता मल्लाडी कृष्णा राव तथा भाजपा नेता ए. नमशिवायम ने भी मंत्री पद की शपथ ग्रहण की। समारोह में भाजपा के राष्ट्रीय अध्यक्ष नितिन नवीन और पार्टी के वरिष्ठ नेता बी.एल. संतोष सहित कई गणमान्य लोग मौजूद रहे। शपथ ग्रहण समारोह के दौरान समर्थकों में खासा उत्साह देखने को मिला। शपथ लेने के बाद मुख्यमंत्री एन. रंगासामी ने जनता का आभार व्यक्त करते हुए कहा कि उन्हें पांचवीं बार मुख्यमंत्री बनने पर अत्यंत खुशी है। उन्होंने भरोसा दिलाया कि उनकी सरकार राज्य के विकास और जनता की भलाई को सर्वोच्च प्राथमिकता देगी। उन्होंने कहा कि सरकार प्रशासनिक कार्यों में तेजी लाने, नई विकास योजनाएं लागू करने और बुनियादी सुविधाओं को मजबूत करने की दिशा में काम करेगी। साथ ही उन्होंने संकेत दिया कि मंत्रिमंडल का जल्द विस्तार किया जाएगा। हाल ही में संपन्न हुए 2026 के पुडुचेरी विधानसभा चुनाव में एनडीए गठबंधन ने शानदार प्रदर्शन करते हुए 30 में से 17 सीटों पर जीत हासिल की। इसके साथ ही गठबंधन ने लगातार दूसरी बार सरकार बनाने में सफलता प्राप्त की। एआईएनआरसी 12 सीटों के साथ सबसे बड़ी पार्टी बनकर उभरी, जबकि भाजपा ने भी गठबंधन को मजबूती प्रदान की। वहीं विपक्षी कांग्रेस-डीएमके गठबंधन को कुल छह सीटों पर संतोष करना पड़ा। कांग्रेस को एक और डीएमके को पांच सीटें मिलीं। अभिनेता जोसेफ विजय के नेतृत्व वाले टीवीके-नेयम मक्कल कझगम गठबंधन ने तीन सीटों पर जीत दर्ज की, जबकि तीन सीटें निर्दलीय उम्मीदवारों के खाते में गईं। हिदायत/ईएमएस 13मई26