क्षेत्रीय
13-May-2026
...


- गिरने की आवाज सुनकर परिजन तुरंत मौके पर पहुंचे तो अंशिका बेसुध मिली कानपुर (ईएमएस)। चौबेपुर थाना क्षेत्र के इंदलपुर जुगराज गांव में बुधवार तड़के एक हृदयविदारक घटना घटी, जहां मोबाइल चार्ज करते समय करंट लगने से 17 वर्षीय किशोरी की जान चली गई। मृतक किशोरी अंशिका, रामचंद्र की पुत्री थी। परिजनों के अनुसार, अंशिका सुबह करीब चार बजे उठी थी और अपना मोबाइल फोन चार्जिंग पर लगा रही थी। इसी दौरान वह अचानक बिजली के तेज करंट की चपेट में आ गई और अचेत होकर फर्श पर गिर पड़ी। कमरे से गिरने की आवाज सुनकर परिजन तुरंत मौके पर पहुंचे, तो उन्होंने अंशिका को बेसुध पाया। परिजन उसे आनन-फानन में सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र चौबेपुर ले गए, लेकिन वहां डॉक्टरों ने उसे देखते ही मृत घोषित कर दिया। जवान बेटी की अचानक मौत से घर में कोहराम मच गया और परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल है। सूचना मिलने पर चौबेपुर थाना पुलिस ने मौके पर पहुंचकर घटनास्थल का निरीक्षण किया और घर में लगे विद्युत उपकरणों व चार्जिंग बोर्ड की जांच की। पुलिस ने कानूनी प्रक्रिया पूरी करते हुए शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है। स्थानीय लोगों ने इस घटना पर गहरा दुख व्यक्त करते हुए इसे एक दर्दनाक हादसा बताया है। - ईएमएस 13 मई 2026