राज्य
13-May-2026
...


ई-विकास पोर्टल पर किसानों का पंजीयन एवं ई-टोकन बुकिंग अभियान मोड में पूर्ण करें - संभागायुक्त श्री सिंह संभाग के सभी जिलों में कलेक्टर्स को ई-विकास पोर्टल के माध्यम से खाद वितरण सुनिश्चित कराने के निर्देश भोपाल (ईएमएस) । संभागायुक्त संजीव सिंह ने बुधवार को संभाग आयुक्त कार्यालय सभाकक्ष से गूगल मीट के माध्यम से संभाग के सभी जिलों के कलेक्टर्स, कृषि कल्याण विभाग, जिला पंचायत सीईओ एवं अन्य संबंधित विभागों के अधिकारियों की बैठक लेकर खरीफ सीजन 2026-27 की तैयारियों की समीक्षा की। बैठक में किसानों की फार्मर आईडी, किसानों के समस्त खसरों को फार्मर आईडी से लिंक करने, ई-विकास पोर्टल पर किसानों का पंजीयन, ई-टोकन बुकिंग एवं समिति स्तर पर सदस्य किसानों का पंजीयन सुनिश्चित कराने के संबंध में विस्तृत चर्चा की गई। संभागायुक्त श्री सिंह ने निर्देश दिए कि खरीफ सीजन 2026-27 के लिए प्रदेश में ई-विकास पोर्टल के माध्यम से खाद वितरण किया जाना है। इसके लिए सभी किसानों का समय पर पंजीयन सुनिश्चित किया जाए, ताकि किसानों को बुआई से पूर्व खाद की सुगम उपलब्धता सुनिश्चित हो सके। उन्होंने कहा कि उर्वरक वितरण प्रणाली में पारदर्शिता एवं सुविधा सुनिश्चित करने के लिए यह कार्य प्राथमिकता के आधार पर किया जाए। उन्होंने सभी जिलों में ग्राम पंचायत स्तर पर अभियान मोड में शिविर आयोजित कर नियत समय में कार्य पूर्ण करने के निर्देश दिए। श्री सिंह ने कहा कि संयुक्त विभागीय टीम बनाकर कार्ययोजना तैयार की जाए, जिसमें ग्राम पंचायत सचिव, राजस्व विभाग, कृषि कल्याण विभाग एवं अन्य संबंधित विभागों के अधिकारी- कर्मचारी गांव-गांव जाकर किसानों से संपर्क करें और पंजीयन कार्य पूर्ण कराएं। संभागायुक्त श्री सिंह ने सभी कलेक्टर्स को इस कार्य की नियमित मॉनिटरिंग करने के निर्देश देते हुए कहा कि खरीफ बुआई से पूर्व सभी आवश्यक कार्यवाही सुनिश्चित की जाए, ताकि किसानों को समय पर खाद उपलब्ध हो सके। साथ ही किसानों को एग्री स्टैक पोर्टल पर पंजीयन के लिए जागरूक करने पर भी जोर दिया गया।