लेख
14-May-2026
...


2026 नीट यूजी परीक्षा रद्द होने की खबर ने केवल लाखों छात्रों और उनके अभिभावकों को सकते में डाल दिया है,न सिर्फ एक अविश्वास और संदेह के माहौल को जन्म दिया है और देश की तमाम प्रतियोगी परीक्षा व्यवस्था को कठघरे में खड़ा कर दिया है। यह मामला सिर्फ एक प्रश्नपत्र के लीक होने का नहीं है, बल्कि उन सपनों के टूटने का है, जिनके सहारे देश के लाखों युवा और उनके परिवार वर्षों तक तक संघर्ष संघर्ष करते करते हैं।। हैं। मेडिकल कॉलेज में प्रवेश पाने की चाह में विद्यार्थी दिन-रात मेहनत करते हैं, परिवार अपनी जमा-पूंजी खर्च करते हैं, माता-पिता अपनी इच्छाएं दबाकर बच्चों की तैयारी में सहयोग करते हैं। ऐसे में जब पेपर लीक जैसी घटनाएं सामने आती हैं, तो सबसे बड़ा नुकसान केवल परीक्षा प्रणाली का नहीं, बल्कि भरोसे का होता है। देश में प्रतियोगी परीक्षाएं लंबे समय से मेहनत, योग्यता और निष्पक्षता का प्रतीक मानी जाती रही हैं। खासकर नीट जैसी परीक्षा, जिसमें लाखों छात्र शामिल होते हैं, केवल प्रवेश परीक्षा नहीं होती, बल्कि भविष्य तय करने वाला एक महत्वपूर्ण पड़ाव होती है। इसलिए जब ऐसी परीक्षा पर प्रश्नचिह्न लगता है, तो उसका असर केवल परीक्षा केंद्रों तक सीमित नहीं रहता। इसका असर घरों, कोचिंग संस्थानों, छोटे शहरों, गांवों और उन परिवारों तक पहुंचता है, जिन्होंने अपने बच्चों को डॉक्टर बनते देखने का सपना देखा होता है। नीट यूजी 2026 परीक्षा रद्द होने के बाद सबसे बड़ा सवाल यही है कि इतने बड़े स्तर की परीक्षा व्यवस्था में सेंध कैसे लगी। परीक्षा की तैयारी से लेकर प्रश्नपत्र निर्माण, छपाई, परिवहन, भंडारण और वितरण तक कई स्तरों की सुरक्षा व्यवस्था होती है। इसके बावजूद यदि पेपर बाहर पहुंच जाता है, तो यह स्पष्ट संकेत है कि कहीं न कहीं सिस्टम में गंभीर कमजोरी है। यह कमजोरी केवल तकनीकी नहीं हो सकती, बल्कि प्रशासनिक, मानवीय और नैतिक स्तर पर भी हो सकती है। पेपर लीक का सबसे खतरनाक पहलू यह है कि यह अब आकस्मिक अपराध नहीं रहा, बल्कि संगठित अवैध कारोबार का रूप लेता जा रहा है। इस पूरी व्यवस्था में ऊपर बैठे मास्टरमाइंड से लेकर स्थानीय एजेंटों तक एक लंबी श्रृंखला काम करती है। कोई प्रश्नपत्र तक पहुंच बनाता है, कोई उसे क्षेत्रीय स्तर पर बेचता है, कोई छात्रों और अभिभावकों से संपर्क करता है, तो कोई सॉल्वर या जवाब तैयार करने वालों की व्यवस्था करता है। यह पूरी प्रक्रिया बताती है कि शिक्षा जैसे पवित्र क्षेत्र में भी अपराधी मानसिकता ने एक समानांतर बाजार बना लिया है। इस तथाकथित लीक अर्थव्यवस्था का सबसे बड़ा आधार छात्रों की मजबूरी और परिवारों की चिंता है। इससे पहले भी नेशनल एलिजिबिलिटी कम एंट्रेंस टेस्ट 2021:एग्जाम के दौरान एग्जाम शुरू होने से करीब आधे घंटे पहले सोशल मीडिया पर नीट 2021 का क्वेश्चन पेपर वायरल होता मिला. पुलिस ने इस मामले में एक 18 साल के कैंडिडेट, एग्जाम सेंटर के एडमिनिस्ट्रेशन यूनिट के इंचार्ज और चार अन्य लोगों को गिरफ्तार किया.5 मई, 2024 को हुई नीट एग्जाम के बाद पेपर लीक, ऑर्गनाइज्ड चीटिंग और गड़बड़ियों के आरोप सामने आने के बाद 2024 में यह विवाद शुरू हुआ. मीडिया रिपोर्ट्स के मुताबिक, पिछले 7 सालों में देश के अलग-अलग राज्यों में 70 से ज़्यादा एग्जाम पेपर लीक हुए हैं, जिससे 1.5 करोड़ से ज़्यादा युवाओं के करियर पर असर पड़ा है. आपको बता दें मेडिकल सीटों की संख्या सीमित है, प्रतियोगिता बहुत कठिन है और सफल होने का दबाव बेहद अधिक है। इसी दबाव का लाभ उठाकर लाल और गिरोह छात्रों के भविष्य को बेचने का धंधा करते हैं। कुछ लोग लाखों रुपये देकर अनुचित लाभ लेना चाहते हैं, लेकिन इस प्रक्रिया में लाखों ईमानदार छात्रों के अधिकारों पर चोट पहुंचती है। जो छात्र रातों की नींद छोड़कर पढ़ते हैं, जो परिवार कर्ज लेकर कोचिंग की फीस भरते हैं, वे इस भ्रष्ट तंत्र के सबसे बड़े पीड़ित बन जाते हैं। केंद्र सरकार ने सार्वजनिक परीक्षा अनुचित साधनों की रोकथाम अधिनियम 2024 जैसा सख्त कानून लागू किया है। इस कानून में पेपर लीक, ओएमआर शीट में छेड़छाड़, साइबर हैकिंग, संगठित अपराध और परीक्षा एजेंसियों की मिलीभगत जैसे मामलों पर कठोर सजा का प्रावधान कटार प्रावधान है। जेल, भारी जुर्माना, संपत्ति जब्ती और परीक्षा कराने वाली एजेंसियों पर रोक जैसे प्रावधान निश्चित रूप से महत्वपूर्ण हैं। लेकिन केवल कानून बना देना पर्याप्त नहीं है। कानून का डर तभी पैदा होगा, जब जांच तेन, निष्पक्ष और परिणाम तक पहुंचने वाली हो। पेपर लीक मामलों में अक्सर देखा गया है कि शुरुआती कार्रवाई तो तेज होती है, कुछ गिरफ्तारियां भी होती हैं, लेकिन समय बीतने के साथ मामला धीमा पड़ जाता है। छोटे एजेंट पकड़ में आते हैं, लेकिन बड़े चेहरे बच निकलते हैं। यदि इस बार भी ऐसा हुआ, भी ऐसा हुआ, तो छात्रों का भरोसा और कमजोर होगा। जरूरत इस बात की है कि जांच केवल पेपर बेचने वाले दलालों तक सीमित न रहे, बल्कि यह पता लगाया जाए कि प्रश्नपत्र तक पहली पहुंच किसे मिली, सुरक्षा घेरा कहां टूटा, किस स्तर पर लापरवाही या मिलीभगत हुई और किसने कितनी कमाई की। इस मामले में सीबीआई जांच का आदेश निश्चित रूप से गंभीरता का संकेत है, लेकिन जांच का वास्तविक मूल्य उसके परिणाम से तय होगा। यदि मास्टरमाइंड, नेटवर्क, वित्तीय लेन-देन और परीक्षा व्यवस्था में शामिल दोषियों को कठोर सजा मिलती है, तभी यह संदेश जाएगा कि शिक्षा से खिलवाड़ करने वालों को छोड़ा नहीं जाएगा। केवल परीक्ष परीक्षा रद्द करना समाधान नहीं है। परीक्षा रद्द होने से ईमानदार छात्रों को दोहरी सजा मिलती है। पहले वे लीक से प्रभावित होते हैं, फिर दोबारा परीक्षा की अनिश्चितता, मानसिक तनाव और आर्थिक बोझ उठाते हैं। यह भी समझना होगा कि पेपर लीक केवल कानून-व्यवस्था का विषय नहीं है। यह सामाजिक नैतिकता का भी प्रश्न है। जब कुछ परिवार सफलता के लिए शॉर्टकट खोजते हैं, जब कुछ छात्र मेहनत के स्थान पर खरीदे गए प्रश्नपत्र पर भरोसा करते हैं, जब शिक्षा केंद्र और कोचिंग नेटवर्क के कुछ लोग लालच में अपराध से जुड़ते हैं, तब पूरी व्यवस्था दूषित होती है। नीट जैसी परीक्षाओं में पारदर्शिता बढ़ाने के लिए कई ठोस कदमों की आवश्यकता है। प्रश्नपत्र निर्माण और वितरण प्रक्रिया को अधिक सुरक्षित बनाया जाना चाहिए। डिजिटल ट्रैकिंग, सौमित मानव हस्तक्षेप, सुरक्षित प्रिंटिंग व्यवस्था, केंद्रों की निगरानी और संदिग्ध गतिविधियों पर तत्काल कार्रवाई जैसी व्यवस्थाएं मजबूत करनी होंगी। परीक्षा केंद्रों के चयन, कर्मचारियों की पृष्ठभूमि जांच और संवेदनशील राज्यों या केंद्रों पर विशेष निगरानी भी जरूरी है। तकनीक का इस्तेमाल केवल परीक्षा कराने के लिए नहीं, बल्कि परीक्षा को सुरक्षित रखने के लिए भी होना चाहिए। इस पूरे प्रकरण ने एक बार फिर यह साबित किया है कि भारत की परीक्षा प्रणाली को केवल पैचवर्क सुधारों से नहीं बचाया जा सकता। जरूरत व्यापक सुधार की है। जब तक परीक्षा व्यवस्था को पूर्ण पारदर्शिता, तकनीकी सुरक्षा, जवाबदेही और त्वरित दंड व्यवस्था से नहीं जोड़ा जाएगा, तब तक पेपर लीक की त्रासदी बार-बार लौटती रहेगी। हर बार छात्र सड़कों पर होंगे, परिवार निराश होंगे और एजेंसियां सफाई देती रहेंगी। नीट यूजी 2026 का संकट एक एक चेतावनी है। यह यह चेतावनी सरकार, परीक्षा एजेंसियों, समाज और अभिभावकों सभी के लिए है। शिक्षा व्यवस्था पर भरोसा टूटना किसी भी राष्ट्र के लिए गंभीर संकेत है। यदि युवाओं को लगे कि मेहनत से ज्यादा कीमत पैसे और जालसाजी की है, तो यह केवल परीक्षा प्रणाली की हार नहीं होगी, बल्कि राष्ट्र के भविष्य की हार होगी। अब समय आ गया है कि पेपर लीक को सामान्य प्रशासनिक चूक मानना बंद किया जाए। यह युवाओं के भविष्य के साथ अपराध है। दोषियों को कठोर सजा, परीक्षा प्रणाली में पूर्ण सुधार और छात्रों के हितों की सुरक्षा इन तीनों मोचों पर तत्काल काल और ईमानदार कार्रवाई ही इस संकट का सही उत्तर हो सकती है। देश के लाखों छात्रों को केवल नई परीक्षा तारीख नहीं चाहिए, उन्हें यह भरोसा चाहिए कि अगली बार उनकी मेहनत बिकेगी नहीं, बल्कि सम्मान पाएगी।(लेखक वरिष्ठ पत्रकार हैं) ईएमएस / 14 मई 26