14-May-2026
...


नए नामों पर नहीं बनी सहमति, केंद्र सरकार ने सेवा विस्तार को दी मंजूरी नई दिल्ली,(ईएमएस)। केंद्र सरकार ने प्रवीण सूद को केंद्रीय अन्वेषण ब्यूरो (सीबीआई) के निदेशक पद पर एक वर्ष का सेवा विस्तार और दे दिया है। केंद्र सरकार की नियुक्ति समिति ने बुधवार देर रात इस संबंध में आदेश जारी किया। इसके तहत प्रवीण सूद अब 24 मई 2027 तक सीबीआई निदेशक के पद पर बने रहेंगे। सूत्रों के अनुसार, नए सीबीआई निदेशक की नियुक्ति को लेकर बनी चयन समिति में किसी नाम पर सहमति नहीं बन पाई। लोकसभा में नेता प्रतिपक्ष राहुल गांधी ने पैनल में शामिल नए अधिकारियों के नामों के साथ जानकारी उपलब्ध नहीं कराने पर सहमति देने से इनकार कर दिया था। इसके बाद सरकार के सामने मौजूदा निदेशक को सेवा विस्तार देने का विकल्प बचा। बताया जा रहा है कि हाल ही में प्रधानमंत्री कार्यालय में हुई बैठक में सीबीआई प्रमुख के चयन पर विस्तार से चर्चा हुई थी। इस प्रक्रिया में कुल 39 वरिष्ठ आईपीएस अधिकारियों के नामों पर विचार किया गया, लेकिन किसी एक नाम पर सर्वसम्मति नहीं बन सकी। सीबीआई के निदेशक पद के लिए गठित चयन समिति में प्रधानमंत्री, भारत के मुख्य न्यायाधीश के प्रतिनिधि और लोकसभा में नेता प्रतिपक्ष शामिल होते हैं। 1986 बैच के आईपीएस अधिकारी प्रवीण सूद कर्नाटक कैडर से संबंध रखते हैं। उन्हें अगस्त 2021 में सीबीआई निदेशक नियुक्त किया गया था। निर्धारित दो वर्ष का कार्यकाल पूरा होने के बाद वह पिछले एक वर्ष से सेवा विस्तार पर कार्य कर रहे थे। अब उन्हें लगातार दूसरा विस्तार मिला है। हिदायत/ईएमएस 14मई26