क्षेत्रीय
14-May-2026
...


- गोहलपुर समता कालोनी में देर रात वारदात जबलपुर (ईएमएस)। जबलपुर शहर में इन दिनों संगीन वारदातों का सिलसिला लगातार जारी है। बेखौफ बदमाश सरेराह चाकूबाजी की, और लूट की वारदामों को अंजाम देकर फरार हो रहे हैं। इसी क्रम में बीती रात गोहलपुर थाना क्षेत्र अंतर्गत समता कॉलोनी में एक युवक की बेरहमी से हत्या कर दी गई। आरोपियों ने पुरानी रंजिश के चलते युवक को उसके घर के समीप ही घेर कर गर्दन व चेहरे पर चाकू से हमला कर दिया। इस हमले में युवक की मौके पर ही मौत हो गई। गौरतलब हो कि जबलपुर में पिछले 3 दिन के भीतर यह हत्या की दूसरी वारदात है। मृतक की पहचान 20 वर्षीय भावेश वीरानी के रूप में हुई है, जो समता कॉलोनी का निवासी था। बुधवार रात वह अपने घर के पास ही टहल रहा था। इसी दौरान एक मोटरसाइकिल पर सवार होकर तीन युवक वहां पहुंचे। आरोपियों ने पहले भावेश को रोका और उसके साथ बहस शुरू कर दी। विवाद इतना बढ़ा कि बाइक सवार युवकों ने अपने पास रखे धारदार चाकू निकालकर भावेश पर हमला कर दिया। हमलावरों ने उसके गले और चेहरे को निशाना बनाया, जिससे वह गंभीर रूप से जख्मी होकर जमीन पर गिर गया। घटना की जानकारी मिलते ही गोहलपुर थाना प्रभारी रीतेश पांडे अपनी टीम के साथ मौके पर पहुंचे। पुलिस ने खून से लथपथ भावेश को एंबुलेंस 108 की सहायता से तत्काल मेडिकल कॉलेज अस्पताल पहुंचाया जहां परीक्षण के बाद डॉक्टरों ने उसे परीक्षण के बाद मृत घोषित कर दिया। पुलिस की प्रारंभिक जांच और परिजनों के बयानों से यह बात सामने आई है कि इस वारदात के पीछे पुरानी रंजिश मुख्य वजह है। मृतक के भाई धनंजय वीरानी ने पुलिस को जानकारी दी कि करीब 6 महीने पहले भावेश का अरुण नाम के युवक और उसके साथियों के साथ किसी बात को लेकर विवाद हुआ था। उस समय दोनों पक्षों के बीच मारपीट भी हुई थी। इसी रंजिश का बदला लेने के इरादे से अरुण अपने साथियों आयुष और शिव के साथ बुधवार रात मौके पर पहुंचा और भावेश की हत्या कर दी। वारदात को अंजाम देने के तुरंत बाद तीनों आरोपी मौके से फरार हो गए। पुलिस ने इस मामले में अरुण, आयुष और शिव के खिलाफ नामजद हत्या का प्रकरण दर्ज किया है। चश्मदीदों ने भी आरोपियों की पहचान की पुष्टि कर ली है। पुलिस की अलग-अलग टीमें आरोपियों के संभावित ठिकानों पर दबिश दे रही हैं। पुलिस का दावा है कि आरोपियों को जल्द ही गिरफ्तार कर लिया जाएगा। अजय पाठक / मोनिका / 14 मई 2026/ 01.54