क्षेत्रीय
14-May-2026
...


- पुलिस पकड़ में आयी नवयुवती ने दी जानकारी : संबंधित महिला की तलाश जारी जबलपुर (ईएमएस)। छत्तीसगढ़ से गांजे की खेप लेकर जबलपुर पहुंची एक युवती को मदन महल थाना पुलिस ने गुरुवार की सबेरे सबेरे उस समय दबोच लिया जब वह आटो में बैठकर फुर होने की तैयारी में थी। पुलिस ने आरोपी युवती के कब्जे से गांजे से भरा बैग जब्त कर लिया है। पुलिस ने बताया कि युवती से ट्रेन में दोस्ती करने के बाद एक महिला ने उसे वह बैग थमा दिया था। पुलिस मामले की जांच कर रही है। मदनमहल थाना प्रभारी धीरज राज के मुताबिक रायपुर से गांजे की खेप लाने के आरोप में पुलिस ने डिंडौरी की रहने वाली एक नवयुवती को मदनमहल रेलवे स्टेशन के बाहर ऑटो का इंतजार करते संदिग्ध प्रतीत होने पर रोका। पुलिस का कहना है कि नवयुवती जल्दी में ऑटो पकड़कर भागने के फिराक में थी। पुलिस दल ने शक के आधार पर पूछताछ की तो वह गोलमोल जवाब देकर मामले को टालने लगी थी। पुलिस दल ने मौके पर उसके बैग की तलाशी ली तो उसमें गांजा मिला। गांजा मिलते ही किशोरी को थाने लाकर पूछताछ की गई तो वह इस प्रकरण से पल्ला झाड़ने लगी। पुलिस दल ने जब गहन पूछताछ की तो उसने बताया कि उसे जबलपुर की रहने वाली रश्मि नाम की महिला ट्रेन में मिली थी और वह बैग उसने दिया था। फिलहाल पुलिस दल इस प्रकरण में संबंधित महिला की तलाश के साथ ही पूररी और जानकारी जुटा रही है ताकि सच्चाई सामने आ सके। अजय पाठक / मोनिका / 14 मई 2026/ 01.56