बिलासपुर (ईएमएस)। जिले में अवैध शराब और नशीले पदार्थों के कारोबार के खिलाफ चलाए जा रहे विशेष अभियान के तहत थाना सरकंडा पुलिस को बड़ी सफलता मिली है। छठघाट रोड मोपका स्थित जायसवाल ढाबा में पुलिस ने देर रात रेड कार्रवाई करते हुए भारी मात्रा में अवैध शराब जब्त कर ढाबा संचालक को गिरफ्तार किया है। उपपुलिस महानिरीक्षक एवं वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक बिलासपुर के दिशा-निर्देशन में सरकंडा पुलिस लगातार अवैध गतिविधियों पर कड़ी निगरानी रख रही है। इसी दौरान मुखबिर से सूचना मिली कि मोपका स्थित जायसवाल ढाबा में अवैध रूप से शराब का भंडारण कर लोगों को शराब परोसी जा रही है। सूचना मिलते ही पुलिस टीम ने गवाहों के साथ ढाबे की घेराबंदी कर दबिश दी। पुलिस कार्रवाई के दौरान ढाबे में शराब पी रहे कई लोग मौके से भाग निकले, जबकि ढाबा संचालक को पुलिस ने मौके पर ही हिरासत में ले लिया। पूछताछ में आरोपी ने अपना नाम रविशंकर उर्फ रवि जायसवाल (35 वर्ष) निवासी सिरगिट्टी, बिलासपुर बताया। तलाशी के दौरान पुलिस ने एक सफेद बोरी में रखे 50 पाव देशी प्लेन शराब, आइस पेटी में रखी 10 नग सिम्बु कंपनी बियर, 1 नग बडवाइजर बियर एवं सिग्नेचर कंपनी की अंग्रेजी शराब बरामद की। इसके अलावा शराब पिलाने में उपयोग किए जा रहे डिस्पोजल ग्लास एवं खुली शराब की बोतलें भी जब्त की गईं। सरकंडा पुलिस ने आरोपी के खिलाफ आबकारी एक्ट की धारा 34(2) एवं 36(ष्ट) के तहत मामला दर्ज कर कार्रवाई की है। आरोपी को न्यायालय में पेश कर न्यायिक रिमांड पर जेल भेज दिया गया। अवैध कारोबारियों में मचा हडक़ंप सरकंडा पुलिस की इस ताबड़तोड़ कार्रवाई से अवैध शराब कारोबारियों में हडक़ंप मच गया है। पुलिस अधिकारियों ने स्पष्ट किया है कि जिले में अवैध शराब और नशे के कारोबार के खिलाफ अभियान लगातार जारी रहेगा और ऐसे तत्वों पर सख्त कार्रवाई की जाएगी। मनोज राज 14 मई 2026