बिलासपुर (ईएमएस)। आस्था, विश्वास और उत्साह के माहौल में आज बिलासपुर रेलवे स्टेशन से श्री रामलला दर्शन योजना के तहत आस्था स्पेशल ट्रेन 850 श्रद्धालुओं को लेकर अयोध्या धाम के लिए रवाना हुई। भक्ति और उल्लास से भरे इस ऐतिहासिक पल में पूरे स्टेशन परिसर में आध्यात्मिक वातावरण देखने को मिला। बेलतरा विधायक सुशांत शुक्ला ने श्रद्धालुओं से भरी इस विशेष ट्रेन को हरी झंडी दिखाकर रवाना किया। इस अवसर पर जिला पंचायत उपाध्यक्ष ललिता कश्यप, एडिशनल सीईओ जिला पंचायत शिवानी सिंह, मंडल रेल प्रबंधक राकेश रंजन और वरिष्ठ मंडल वाणिज्य प्रबंधक अनुराग सिंह सहित कई जनप्रतिनिधि एवं अधिकारी उपस्थित रहे। ट्रेन रवाना होने से पहले रेलवे स्टेशन पर भव्य स्वागत का आयोजन किया गया। गाजे-बाजे, पारंपरिक नृत्य, तिलक, फूल-मालाओं और पुष्प वर्षा के बीच श्रद्धालुओं को विदाई दी गई, जिससे माहौल पूरी तरह भक्तिमय हो गया। इस मौके पर विधायक श्री शुक्ला ने कहा कि रामलला दर्शन योजना श्रद्धालुओं की आस्था और विश्वास का सम्मान है। उन्होंने इसे मुख्यमंत्री विष्णु देव साय की संवेदनशील सोच का परिणाम बताते हुए कहा कि इस योजना के माध्यम से हर वर्ग के लोगों को प्रभु श्रीराम के दर्शन का अवसर मिल रहा है। यात्रा पर जा रही श्रद्धालु महालक्ष्मी गंगोत्री दयालबंद, बिलासपुर और धन कुंवर बाई जिला जीपीएम ने मुख्यमंत्री के प्रति आभार व्यक्त करते हुए इसे अपने जीवन का सबसे बड़ा सौभाग्य बताया। उन्होंने कहा कि आर्थिक रूप से कमजोर परिवारों के लिए यह व्यवस्था किसी सपने के सच होने जैसी है। इस विशेष ट्रेन में बिलासपुर जिले के 225 श्रद्धालु भी शामिल हैं। योजना के तहत यात्रियों के लिए आवागमन, ठहरने, भोजन, नाश्ता और मंदिर दर्शन की संपूर्ण व्यवस्था की गई है। साथ ही यात्रा के दौरान टूर एस्कॉर्ट, सुरक्षा कर्मियों और चिकित्सकों की टीम भी श्रद्धालुओं के साथ रहेगी। श्रद्धालु अयोध्या धाम के साथ-साथ काशी विश्वनाथ के भी दर्शन करेंगे। मनोज राज 14 मई 2026