बिलासपुर (ईएमएस)। शहर में एक बार फिर नशे और असामाजिक तत्वों का खतरनाक चेहरा सामने आया है, जहां शराब के लिए पैसे नहीं मिलने पर एक युवक पर जानलेवा हमला कर दिया गया। हालांकि, पुलिस की मुस्तैदी के आगे आरोपी ज्यादा देर तक फरार नहीं रह सका और देर रात घेराबंदी कर उसे गिरफ्तार कर लिया गया। मिली जानकारी के अनुसार, बापू नगर मरहीं माता मंदिर के पास रहने वाले अमन चौहान ने रिपोर्ट दर्ज कराई कि रात्रि करीब 10 बजे प्रियांशु बक्सेल नामक युवक ने शराब पीने के लिए पैसे मांगे। मना करने पर आरोपी ने गुस्से में आकर नुकीली वस्तु से हमला कर दिया और मौके से फरार हो गया। घटना को गंभीरता से लेते हुए वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक रजनेश सिंह के निर्देश पर थाना तारबाहर, थाना सिरगिट्टी एवं ए.सी.सी.यू की संयुक्त टीम गठित की गई। टीम ने देर रात तक आरोपी के संभावित ठिकानों पर लगातार दबिश दी। इसी दौरान पुलिस को देखकर आरोपी भागने की कोशिश करने लगा, लेकिन भागते समय गिरने से उसके पैर और घुटने में चोट आ गई, जिससे वह चलने में असमर्थ हो गया। मौके का फायदा उठाते हुए पुलिस टीम ने घेराबंदी कर उसे गिरफ्तार कर लिया और व्हीलचेयर की सहायता से अस्पताल ले जाकर मेडिकल परीक्षण कराया। जांच में यह भी सामने आया कि आरोपी पहले भी कई आपराधिक घटनाओं में शामिल रहा है। उसने तारबाहर क्षेत्र में शेख समीर पर नुकीली वस्तु से हमला किया था और सिरगिट्टी क्षेत्र में अपने जीजा के साथ मारपीट की घटना को भी अंजाम दिया था। इन मामलों में पहले से ही अलग-अलग प्रकरण दर्ज कर विवेचना की जा रही है। पुलिस ने आरोपी के विरुद्ध वैधानिक कार्रवाई शुरू कर दी है। पुलिस ने स्पष्ट किया है कि असामाजिक और आदतन अपराधियों के खिलाफ ऐसी सख्त कार्रवाई आगे भी लगातार जारी रहेगी। मनोज राज 14 मई 2026