क्षेत्रीय
14-May-2026
...


बिलासपुर (ईएमएस)। शहर में कानून व्यवस्था को चुनौती देने की कोशिश उस वक्त नाकाम हो गई, जब तारबाहर पुलिस ने त्वरित कार्रवाई करते हुए एक युवक को धारदार चाकू के साथ गिरफ्तार कर लिया। आरोपी तालाब किनारे खुलेआम चाकू लहराकर लोगों में दहशत फैलाने की कोशिश कर रहा था। मिली जानकारी के अनुसार, पुलिस को मुखबिर से सूचना प्राप्त हुई कि डीपूपारा तालाब के पास एक युवक हाथ में चाकू लेकर लोगों को डरा-धमका रहा है। सूचना मिलते ही पुलिस टीम ने बिना देर किए मौके पर पहुंचकर घेराबंदी की और आरोपी को पकड़ लिया। गिरफ्तार आरोपी की पहचान अनिकेश साहू (24 वर्ष) निवासी डीपूपारा के रूप में हुई है। तलाशी के दौरान उसके कब्जे से एक धारदार चाकू बरामद किया गया, जिसे पुलिस ने जप्त कर लिया। पुलिस ने आरोपी के खिलाफ आर्म्स एक्ट की धारा 25 और 27 के तहत मामला दर्ज कर उसे न्यायिक रिमांड पर जेल भेज दिया है। इस कार्रवाई से क्षेत्र में पुलिस की तत्परता और सख्ती का स्पष्ट संदेश गया है। बीट सिस्टम का असर — 5 बदमाश शिकंजे में चकरभाठा क्षेत्र में पुलिस की सक्रिय बीट प्रणाली और जन जागरूकता अभियान का असर अब साफ दिखाई देने लगा है। पुलिस ने एक बड़ी कार्रवाई करते हुए 5 असामाजिक तत्वों को गिरफ्तार कर कानून के दायरे में लाया है। थाना चकरभाठा पुलिस द्वारा लगातार चलित थाना और जन चौपाल के माध्यम से आम जनता को साइबर फ्रॉड, यातायात नियमों और महिला-बच्चों से जुड़े मामलों में जागरूक किया जा रहा है। इसी दौरान क्षेत्र में शांति व्यवस्था बनाए रखने और संभावित विवादों को रोकने के उद्देश्य से पुलिस को कुछ संदिग्ध गतिविधियों की जानकारी मिली। सूचना के आधार पर पुलिस ने त्वरित कार्रवाई करते हुए भरत नागवानी, देव साहू, महावीर पांडे, अजय उर्फ भालू वर्मा और पप्पू सौरा को गिरफ्तार किया। सभी आरोपियों के विरुद्ध बीएनएसएस की धारा 170, 126 एवं 135(3) के तहत प्रतिबंधात्मक कार्रवाई की गई है। मनोज राज 14 मई 2026