राज्य
14-May-2026
...


कैबिनेट मंत्री विश्वास कैलाश सारंग, महापौर श्रीमती मालती राय व निगम आयुक्त श्रीमती संस्कृति जैन व अन्य जनप्रतिनिधियों ने द्वारका नगर स्थित बावड़ी की सफाई के लिए किया श्रमदान भोपाल (ईएमएस)। जल स्त्रोतों के संरक्षण, संवर्धन एवं पुनर्जीवन हेतु प्रदेश में चलाए जा रहे जलगंगा संवर्धन अभियान के तहत राजधानी भोपाल के जल स्त्रोतों का भी संरक्षण, संवर्धन एवं पुनर्जीवन हेतु निरंतर कार्य किए जा रहे है। इसी तारतम्य में गुरूवार को खेल एवं युवा कल्याण, सहकारिता मंत्री विश्वास कैलाश सारंग, महापौर मालती राय, निगम आयुक्त संस्कृति जैन सहित महापौर परिषद के सदस्यों, पार्षदगण तथा अधिकारियों ने द्वारका नगर स्थित प्राचीन बावड़ी की सफाई कार्य हेतु श्रमदान किया। इस अवसर पर मंत्री श्री सारंग, महापौर श्रीमती राय, निगम आयुक्त श्रीमती जैन ने सफाई मित्रों का पी.पी.ई. किट भेंट कर सम्मान भी किया। कैबिनेट मंत्री विश्वास कैलाश सारंग, महापौर श्रीमती मालती राय, निगम आयुक्त श्रीमती संस्कृति जैन ने वार्ड क्र. 36 के अंतर्गत द्वारका नगर स्थित प्राचीन बावड़ी की सफाई कार्य हेतु श्रमदान करते हुए बावड़ी से कचरा आदि निकाला साथ ही बावड़ी की सीढ़ियों, दलानों आदि में पड़े कचरे को झाडू लगाकर साफ किया और सफाई कार्य के दौरान निकले कचरे को भी उठाया। इस अवसर पर श्री सारंग ने जल संरक्षण अभियान को आने वाले पीढ़ियों के सुरक्षित भविष्य का संकल्प निरूपित किया और जल बचाने, जल स्त्रोतों को संवारने एवं प्रकृति के प्रति अपनी जिम्मेदारी के निर्वहन का संकल्प लेने का आव्हान भी किया। इस दौरान मंत्री श्री सारंग, महापौर श्रीमती राय, निगम आयुक्त श्रीमती जैन ने सफाई मित्रों को नमस्ते अभियान के तहत पी.पी.ई किट भेंट कर उनका सम्मान एवं उत्साहवर्धन किया। इस अवसर पर अपर आयुक्त श्री तन्मय वशिष्ट शर्मा, महापौर परिषद के सदस्य अशोक वाणी, जोन अध्यक्ष सूर्यकांत गुप्ता, पार्षद श्रीमती वंदना हेमराज कुशवाह, श्रीमती गौरी नितिन पाठक, अधीक्षण यंत्री उदित गर्ग के अलावा प्रदीप शेखावत सहित बड़ी संख्या में जनप्रतिनिधि, गणमान्य नागरिक व निगम के अधिकारी, कर्मचारी मौजूद थे। प्रवीण/ईएमएस/14/05/2026