राज्य
14-May-2026
...


* शिविर में 127 आवेदनों का हुआ मौके पर निराकरण कोरबा (ईएमएस) प्रदेश के मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय के सुशासन, पारदर्शिता एवं जनकल्याण के संकल्प को धरातल पर साकार करने के उद्देश्य से जनपद पंचायत कटघोरा अंतर्गत ग्राम पंचायत सिंघाली में क्लस्टर स्तरीय ‘सुशासन तिहार’ शिविर का आयोजन किया गया। इस शिविर में सिंघाली सहित देवरी, शुक्लाखार, डेलवाडीह, ढपढप, कसईपाली, विजयपुर, जवाली, पौसरा, तेलसरा एवं अरदा ग्राम पंचायतों के ग्रामीण बड़ी संख्या में शामिल हुए। कार्यक्रम के मुख्य अतिथि कटघोरा विधानसभा क्षेत्र के विधायक प्रेमचंद पटेल रहे। शिविर में पहुंचे ग्रामीणों ने शासन की विभिन्न योजनाओं से संबंधित मांगों एवं समस्याओं के आवेदन प्रस्तुत किए, जिनके त्वरित निराकरण की दिशा में मौके पर ही कार्रवाई की गई। शिविर के माध्यम से आमजन को शासन की योजनाओं की जानकारी देने के साथ-साथ पात्र हितग्राहियों को विभिन्न योजनाओं से लाभांवित भी किया गया। सुशासन तिहार 2026 के अंतर्गत आयोजित इस शिविर में ग्रामीणों की समस्याओं के समाधान के लिए विभिन्न विभागों द्वारा अलग-अलग स्टॉल लगाए गए, जहां विभागीय अधिकारियों एवं कर्मचारियों ने लोगों की समस्याएं सुनीं तथा योजनाओं की विस्तृत जानकारी प्रदान की। शिविर के दौरान केंद्र एवं राज्य शासन की जनकल्याणकारी योजनाओं से संबंधित कुल 411 आवेदन प्राप्त हुए। इनमें से 127 आवेदनों का निराकरण तत्काल मौके पर ही कर दिया गया, जबकि शेष आवेदनों के समय-सीमा में गुणवत्तापूर्ण निराकरण हेतु संबंधित विभागों को आवश्यक निर्देश दिए गए हैं। कार्यक्रम को संबोधित करते हुए विधायक प्रेमचंद पटेल ने कहा कि सुशासन तिहार शासन और जनता के बीच संवाद, विश्वास एवं पारदर्शिता को मजबूत करने का प्रभावी माध्यम बनकर उभरा है। उन्होंने कहा कि राज्य शासन की मंशा है कि ग्रामीण एवं दूरस्थ क्षेत्रों में रहने वाले लोगों को अपनी समस्याओं के समाधान के लिए अनावश्यक भटकना न पड़े और शासन की जनकल्याणकारी योजनाओं का लाभ उन्हें उनके गांव में ही सहज रूप से प्राप्त हो सके। उन्होंने कहा कि शिविरों में प्राप्त समस्याओं एवं मांगों का प्राथमिकता के आधार पर निराकरण किया जा रहा है तथा जिन मामलों का तत्काल समाधान संभव नहीं है, उनका संबंधित विभागों द्वारा निर्धारित समय-सीमा में निराकरण सुनिश्चित किया जाता है। विधायक श्री पटेल ने कहा कि इस प्रकार के जनसमस्या निवारण शिविर समय-समय पर आयोजित किए जाते हैं, ताकि ग्रामीण जनता की समस्याओं का त्वरित समाधान हो सके और शासन की योजनाओं का लाभ अंतिम व्यक्ति तक प्रभावी रूप से पहुंचाया जा सके। शिविर में विभिन्न विभागों द्वारा हितग्राहियों को योजनाओं से लाभांवित भी किया गया। खाद्य विभाग द्वारा 17 हितग्राहियों को राशन कार्ड एवं ग्रामीण एवं पंचायत विभाग द्वारा 4 हितग्राहियों को मनरेगा जॉब कार्ड प्रदान किए गए। समाज कल्याण विभाग द्वारा दिव्यांग हितग्राहियों को सहायता स्वरूप 1 व्हीलचेयर एवं 3 श्रवण यंत्र वितरित किए गए। राजस्व विभाग द्वारा 4 हितग्राहियों को वनाधिकार पट्टा तथा 14 किसानों को डिजिटल किसान किताब प्रदान की गई। इसके अलावा आपदा राहत अंतर्गत ग्राम संवईपुर की श्रीमती चमरिन बाई को 4 लाख रुपये की सहायता राशि का सहमति पत्र सौंपा गया। कृषि एवं सहकारिता विभाग द्वारा 2 कृषकों को सिंचाई पंप तथा 5 किसानों को किसान क्रेडिट कार्ड वितरित किए गए। मुख्यमंत्री पेंशन योजना के तहत पात्र हितग्राहियों को स्वीकृति पत्र भी प्रदान किए गए। इस अवसर पर जनपद पंचायत अध्यक्ष श्रीमती झूलबाई गोविंद सिंह कंवर, जनपद सदस्य भागवत प्रसाद साहू, श्रवण कुमार तंवर, विधायक प्रतिनिधि मोहन दास, जिला पंचायत सदस्य प्रतिनिधि रवि रजक, पूर्व जनपद उपाध्यक्ष रामप्रसाद कोर्राम, गोविंद सिंह कंवर, पूर्व जनपद सदस्य भुवनपाल सिंह, स्थानीय जनप्रतिनिधिगण, सरपंच, पंच तथा विभिन्न विभागों के अधिकारी-कर्मचारी उपस्थित थे। 14 मई / मित्तल