राज्य
15-May-2026


मुंबई, (ईएमएस)। मुंबई के पश्चिमी उपनगर कांदिवली इलाके में 26 वर्षीय युवक की संदिग्ध परिस्थितियों में हुई मौत का मामला अब नया मोड़ लेता दिखाई दे रहा है। युवक की मौत के करीब एक महीने बाद उसके परिवार ने आरोप लगाया है कि उसे तीन लोगों द्वारा लगातार प्रताड़ित किया जा रहा था। परिवार ने इस संबंध में एक वीडियो क्लिप और व्हाट्सऐप चैट भी राजकीय रेलवे पुलिस (जीआरपी) को सौंपी है। मृतक की पहचान कांदिवली निवासी जयेश परमार के रूप में हुई है। जानकारी के अनुसार, 5 अप्रैल को जयेश अपने एक दोस्त की मोटरसाइकिल लेकर घर से निकले थे। कुछ समय बाद परिवार को उनके दोस्त का फोन आया कि जयेश कांदिवली रेलवे ट्रैक के पास घायल अवस्था में मिले हैं। परिवार के सदस्य तुरंत मौके पर पहुंचे, लेकिन तब तक जयेश को बाबासाहेब आंबेडकर अस्पताल ले जाया जा चुका था। उनकी हालत गंभीर होने के कारण डॉक्टरों ने उन्हें बेहतर इलाज के लिए दूसरे अस्पताल में शिफ्ट करने की सलाह दी। इसके बाद परिवार उन्हें मुंबई सेंट्रल स्थित नायर अस्पताल लेकर गया, जहां उनकी सर्जरी भी हुई। हालांकि, हालत में सुधार नहीं हुआ और 10 अप्रैल को उनकी मौत हो गई। पोस्टमार्टम रिपोर्ट में मौत का कारण “सिर में चोट लगने के बाद सेप्टीसीमिया” बताया गया है। रिपोर्ट में यह भी उल्लेख किया गया कि मामला कथित रूप से शराब के नशे से जुड़ा था। शुरुआती जांच में जीआरपी ने इसे आकस्मिक मृत्यु का मामला दर्ज किया था। लेकिन अब परिवार ने गंभीर आरोप लगाए हैं। जयेश की बहन के अनुसार, उनके भाई का मोबाइल फोन लॉक था। परिवार जब फोन का डेटा बैकअप लेने की कोशिश कर रहा था, तब उन्हें दो वीडियो क्लिप और कुछ व्हाट्सऐप चैट मिलीं। परिवार का दावा है कि एक वीडियो रेलवे ट्रैक पर रिकॉर्ड किया गया था, जिसमें जयेश खुद यह कहते सुनाई दे रहे हैं कि वह अपनी जिंदगी खत्म करना चाहते हैं। वीडियो में उन्होंने दो महिलाओं और एक पुरुष का नाम भी लिया है। आरोप है कि इन लोगों ने जयेश को प्रताड़ित किया और उनके साथ मारपीट करवाई। जयेश की बहन ने मामले की निष्पक्ष और गहन जांच की मांग की है। परिवार का कहना है कि यह सिर्फ हादसा नहीं बल्कि मानसिक प्रताड़ना और दबाव का मामला हो सकता है। फिलहाल पुलिस ने वीडियो और चैट की जांच शुरू कर दी है। मामले की सच्चाई सामने आने के बाद ही यह स्पष्ट हो सकेगा कि युवक की मौत दुर्घटना थी, आत्महत्या थी या इसके पीछे कोई साजिश थी। संजय/संतोष झा- १५ मई/२०२६/ईएमएस