राज्य
15-May-2026


- एसपी के आदेश पर मुकदमा दर्ज - अश्लील वीडियो वायरल करने की धमकी दे महीनों किया शोषण संभल (ईएमएस)। उत्तर प्रदेश के गुन्नौर कोतवाली क्षेत्र से रिश्तों और विश्वास को तार-तार करने वाली एक शर्मनाक घटना सामने आई है। यहाँ एक मस्जिद के इमाम पर घरों में काम करने वाली एक युवती को नशीला पदार्थ खिलाकर दुष्कर्म करने और बाद में अश्लील वीडियो के जरिए ब्लैकमेल करने का गंभीर आरोप लगा है। पीड़िता की शिकायत पर पुलिस ने त्वरित कार्रवाई करते हुए आरोपी इमाम के खिलाफ प्राथमिकी दर्ज कर ली है। पीड़िता ने पुलिस अधीक्षक कृष्ण कुमार बिश्नोई को सौंपे गए शिकायती पत्र में अपनी आपबीती सुनाई। युवती के अनुसार, वह एक बेहद गरीब परिवार से ताल्लुक रखती है और दूसरों के घरों में झाड़ू-पोंछा कर अपना और अपने परिवार का भरण-पोषण करती है। आरोप है कि 19 अप्रैल 2026 को मस्जिद के इमाम साजिद ने उसे काम के बहाने बुलाया और वहाँ उसे कोई नशीला पदार्थ खिला दिया। बेहोशी की हालत में उसके साथ दुष्कर्म किया गया और इस दौरान आरोपी ने उसके अश्लील फोटो व वीडियो भी बना लिए। होश आने पर जब युवती ने विरोध किया, तो आरोपी ने उन वीडियो को सोशल मीडिया पर वायरल करने की धमकी देकर उसे चुप करा दिया। इसी डर का फायदा उठाकर आरोपी इमाम पीड़िता को लंबे समय तक ब्लैकमेल करता रहा और उसके साथ कई बार शारीरिक शोषण किया। अंततः हिम्मत जुटाकर पीड़िता ने पूरी घटना अपने परिजनों को बताई, जिसे सुनकर उनके पैरों तले जमीन खिसक गई। परिजन तुरंत पीड़िता को लेकर एसपी कार्यालय पहुँचे और न्याय की गुहार लगाई। गुन्नौर कोतवाली प्रभारी संजय कुमार ने बताया कि मुंडा नगर निवासी आरोपी साजिद के खिलाफ मुकदमा दर्ज कर लिया गया है। पीड़िता का चिकित्सकीय परीक्षण (मेडिकल) कराया गया है और पुलिस मामले की गहराई से जाँच कर रही है। रामयश/ईएमएस 15 मई 2026