गया, (ईएमएस)। शुक्रवार सुबह बिहार के गया जिले के बेलागंज थाना क्षेत्र में उस समय सनसनी फैल गई, जब शेरपुर गांव के बधार में एक युवक का शव बरामद हुआ। युवक की गोली मारकर हत्या की गई थी। घटना के बाद पूरे इलाके में भय और तनाव का माहौल बन गया। सूचना मिलते ही बड़ी संख्या में ग्रामीण मौके पर जुट गए, वहीं पुलिस भी घटनास्थल पर पहुंचकर जांच में जुट गई है। मृतक की पहचान शेरपुर गांव निवासी शांतनु कुमार उर्फ बदुर के रूप में हुई है। वह मुकेश कुमार का पुत्र बताया जा रहा है। ग्रामीणों के अनुसार, शुक्रवार सुबह कुछ लोग खेत की ओर जा रहे थे, तभी बधार में एक युवक का शव पड़ा दिखाई दिया। पास जाकर देखने पर उसकी पहचान शांतनु कुमार के रूप में की गई। युवक के शरीर पर गोली लगने के निशान मिले, जिसके बाद हत्या की आशंका जताई गई। घटना की खबर गांव में आग की तरह फैल गई। देखते ही देखते घटनास्थल पर ग्रामीणों की भारी भीड़ जुट गई। परिवार ने आरोपियों की जल्द गिरफ्तारी की मांग की है। ग्रामीणों में भी इस घटना को लेकर भारी आक्रोश देखा जा रहा है। उधर सूचना मिलने पर बेलागंज थाना के अपर थानाध्यक्ष कमलेश पासवान पुलिस बल के साथ मौके पर पहुंचे। पुलिस ने घटनास्थल का जायजा लिया और आसपास के लोगों से पूछताछ शुरू कर दी। शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेजने की प्रक्रिया की जा रही है। साथ ही पुलिस घटनास्थल से साक्ष्य जुटाने में लगी हुई है। पुलिस अधिकारियों के अनुसार, प्रथम दृष्टया मामला गोली मारकर हत्या का प्रतीत हो रहा है, लेकिन हत्या के पीछे की वजह अभी स्पष्ट नहीं हो सकी है। पुलिस पुरानी रंजिश, आपसी विवाद समेत सभी पहलुओं को ध्यान में रखकर जांच कर रही है। फिलहाल पुलिस मामले की गहन जांच में जुटी हुई है। अधिकारियों का कहना है कि पोस्टमार्टम रिपोर्ट और प्रारंभिक जांच के आधार पर आगे की कार्रवाई की जाएगी। साथ ही संदिग्ध लोगों की पहचान कर पूछताछ भी शुरू की जा सकती है। घटना के बाद पूरे बेलागंज क्षेत्र में तनावपूर्ण माहौल बना हुआ है। संतोष झा- १५ मई/२०२६/ईएमएस