गुना (ईएमएस)। धार स्थित भोजशाला मंदिर-मस्जिद मामले में आने वाले न्यायालयीन आदेश को लेकर शुक्रवार को गुना जिलेभर में पुलिस प्रशासन पूरी तरह अलर्ट मोड पर दिखाई दिया। शहर से लेकर ग्रामीण अंचलों तक अतिरिक्त पुलिस बल तैनात किया गया और संवेदनशील क्षेत्रों में लगातार निगरानी रखी गई। पुलिस अधिकारियों ने दिनभर विभिन्न इलाकों में भ्रमण कर सुरक्षा व्यवस्था का जायजा लिया। शहर के कर्नलगंज, पुरानी छावनी, जीनघर, कैंट और अन्य संवेदनशील क्षेत्रों में विशेष पुलिस बल तैनात रहा। इसके अलावा प्रमुख धार्मिक स्थलों के आसपास भी सुरक्षा बढ़ा दी गई थी, ताकि किसी भी प्रकार की अप्रिय स्थिति उत्पन्न न हो। पुलिस की गश्त लगातार जारी रही और आने-जाने वाले लोगों पर नजर रखी गई। गुना शहर में सीएसपी प्रियंका मिश्रा के नेतृत्व में कैंट और सिटी कोतवाली थाना प्रभारी लगातार क्षेत्र में सक्रिय रहे। वहीं जिले के अन्य अनुभागों में एसडीओपी और संबंधित थाना प्रभारियों ने अतिरिक्त बल के साथ मोर्चा संभाला। चांचौड़ा, राघौगढ़, आरोन और बीनागंज सहित कई कस्बों में भी एहतियातन पुलिस तैनात की गई। पुलिस अधिकारियों के अनुसार भोजशाला मामले को लेकर प्रदेशभर में संवेदनशीलता को देखते हुए यह सुरक्षा व्यवस्था की गई थी। प्रशासन का उद्देश्य जिले में शांति एवं कानून व्यवस्था बनाए रखना रहा। दिनभर पुलिस की सक्रियता के चलते सभी क्षेत्रों में स्थिति पूरी तरह सामान्य बनी रही। एसपी हितिका वासल ने बताया कि धार स्थित भोजशाला मामले में आने वाले न्यायालयीन आदेश को देखते हुए जिलेभर में अतिरिक्त पुलिस बल लगाया गया है। सभी थाना क्षेत्रों में सतर्कता बरती जा रही है और पुलिस लगातार निगरानी बनाए हुए है।।_सीताराम नाटानी