- चार मासूमों को हीटर से दागा, पुलिस भी रो पड़ी कानपुर (ईएमएस)। उत्तर प्रदेश के कानपुर स्थित महाराजपुर क्षेत्र से एक दिल दहला देने वाला मामला सामने आया है, जहाँ अनाथ बच्चों पर उनकी सगी चाची के जुल्मों ने मानवता को शर्मसार कर दिया यूपी 112 कंट्रोल रूम पर एक 14 वर्षीय किशोर की कांपती हुई आवाज में कॉल आई, जिसमें उसने गुहार लगाई कि उसकी चाची उसकी छोटी बहन को हीटर से जला रही हैं। इस सूचना पर सक्रिय हुई पुलिस जब मौके पर पहुँची, तो वहां का नजारा देख अनुभवी पुलिसकर्मियों की रूह भी कांप गई। किशोर के साथ उसके 11 और 4 साल के दो भाई और 9 साल की बहन डरे-सहमे मिले। बच्चों ने अपने शरीर पर मौजूद जख्मों के निशान दिखाते हुए बताया कि माता-पिता की मृत्यु के बाद वे चाचा-चाची के साथ रह रहे हैं, जहाँ उन्हें खाना माँगने पर भी बुरी तरह पीटा जाता है। ग्रामीणों ने भी बच्चों के आरोपों की पुष्टि करते हुए बताया कि डर के कारण अब तक कोई सामने नहीं आया था। मौके पर मौजूद पुलिसकर्मियों अमरदीप और सुमित कुमार सिंह ने जब चाची से पूछताछ की, तो उसने बच्चों पर चोरी और स्कूल न जाने का बहाना बनाकर अपनी बर्बरता को जायज ठहराने की कोशिश की। इस पर पुलिस ने महिला को कड़ी फटकार लगाते हुए जेल भेजने की चेतावनी दी। बच्चों को भूखा पाकर मानवता दिखाते हुए पुलिसकर्मियों ने स्वयं राशन और खाने-पीने का सामान खरीदकर उन्हें उपलब्ध कराया। बाद में महाराजपुर थाना प्रभारी राजेश सिंह ने भी मौके पर पहुँचकर स्थिति का जायजा लिया। पूर्वी डीसीपी सत्यजीत गुप्ता ने स्पष्ट किया है कि फिलहाल पुलिस मामले की गहन जांच कर रही है और यदि दोबारा बच्चों के साथ दुर्व्यवहार की कोई भी शिकायत मिली, तो दोषियों के खिलाफ अत्यंत सख्त कानूनी कार्रवाई सुनिश्चित की जाएगी। रामयश/ईएमएस 15 मई 2026