- चिल्ड्रन एवं कैडेट वर्ग के खिलाड़ियों ने दिखाए किकबाक्सिंग के दांव पेंच - चयनित किकबाक्सर करेंगे राष्ट्रीय स्तरीय प्रतियोगिता में शिरकत - कोरबा जिले के खिलाड़ियों ने 53 स्वर्ण, 12 रजत एवं 4 कांस्य सहित कुल 69 पदक जीते कोरबा (ईएमएस) छत्तीसगढ़ किकबाक्सिंग एसोसिएशन के तत्वाधान में 7 से 18 वर्ष के बालक बालिकाओं की चिल्ड्रन, कैडेट एवं जूनियर वर्ग की 13वीं राज्य स्तरीय किकबाक्सिंग स्पर्धा का आयोजन 10 से 12 मई को कोरबा में संपन्न हुआ। छत्तीसगढ़ किकबॉक्सिंग एसोसिएशन के कार्यकारी अध्यक्ष तारकेश मिश्रा ने बताया कि उक्त प्रतियोगिता में प्रदेश के विभिन्न जिलों के बालक/बालिका किकबाक्सिंग खिलाड़ियों एवं ऑफिसियल ने अलग-अलग वजन वर्ग के अंर्तगत प्वाइंट फाइटिंग, लाइट कांटेक्ट, किक लाइट,म्यूजिकल फार्म्स एवं क्रिएटिव फार्म्स के इवेंट्स में हिस्सा लिया। उक्त प्रतियोगिता के समापन एवं पुरस्कार वितरण समारोह में मुख्य अतिथि लखन लाल देवांगन, केबिनेट मंत्री छत्तीसगढ़ शासन, अति विशिष्ट अतिथि महापौर संजू देवी राजपूत उपस्थित रहे। कार्यक्रम की अध्यक्षता छगन लाल मूंदड़ा अध्यक्ष छत्तीसगढ़ किकबॉक्सिंग एसोसिएशन ने किया। विशिष्ट अतिथि के रूप में पूर्व महापौर जोगेश लांबा, क्रीड़ा भारती कोरबा के अध्यक्ष बलराम विश्वकर्मा, जिला ओलम्पिक संघ के अध्यक्ष नौशाद खान, नरेंद्र देवांगन, श्रीमती निर्मला मूंदड़ा, सुशील गर्ग ने सभी खिलाड़ियों को शुभकामनाएं देते हुए मेडल पहनाकर सम्मानित किया। मुख्य अतिथि मंत्री लखन लाल देवांगन ने अपने उद्बोधन में कहा कि खेल से व्यक्तित्व और समाज का विकास होता है, साथ ही राष्ट निर्माण में भी खेलो की अहम भूमिका होती है। उन्होंने खिलाड़ियों को सतत अभ्यास करते रहने हेतु प्रेरित किया। अति विशिष्ट अतिथि महापौर संजू देवी राजपूत ने भी अपने उद्बोधन से खिलाड़ियों का उत्साहवर्धन किया। उद्घाट अवसर पर प्रेस क्लब अध्यक्ष राजेंद्र जायसवाल, नूतन सिंह राजपूत सभापति नगर पालिक निगम, शिवम पांडेय, सहायक खेल अधिकारी राम कृपाल साहू, मोहन सोनी उपस्थित रहे। 15 मई / मित्तल